समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) ने मैनपुरी की करहल विधानसभा सीट (Karhal Assembly Seat) से सोमवार को अपना नामांकन दाखिल कर दिया। पहली बार विधानसभा चुनाव लड़ रहे अखिलेश यादव अपने समर्थकों के साथ नामांकन दाखिल करने पहुंचे थे। अखिलेश यादव ने चुनावी हलफनामे में अपनी संपत्ति का ब्योरा दिया है। अखिलेश यादव ने चुनाव आयोग को दिए हलफनामे में 40.02 करोड़ रुपये की चल और अचल संपत्ति बताई है।

2019 के चुनावी हलफनामे के मुकाबले अखिलेश यादव की संपत्ति में तीन करोड़ का इजाफा हुआ है। चुनाव आयोग में दिए हलफनामे के मुताबिक, अखिलेश यादव के पास 8 करोड़ 43 लाख 70 हजार 654 रु की चल संपत्ति है, जबकि डिंपल यादव के पास 4 करोड़ 76 लाख 84 हजार 986 रु की चल संपत्ति है। वहीं, बेटी अदिति के पास 10 लाख 39 हजार 410 रु की चल संपत्ति है।

इसी प्रकार, अखिलेश यादव के पास 17 करोड़ 22 लाख 858 रूपये की अचल संपत्ति है, जबकि उनकी पत्नी के पास 9 करोड़ 61 लाख 98 हजार 918 रूपये की अचल संपत्ति है। चल और अचल संपत्ति को जोड़कर अखिलेश यादव के पास 40 करोड़ से अधिक की कुल संपत्ति है। अखिलेश यादव के पास महज 1.79 लाख नकद और पत्नी डिंपल यादव के पास 3.32 लाख रुपए नकद हैं।

हलफनामे में अखिलेश यादव ने बताया है कि उनकी सालाना आय 83.98 लाख है और पत्नी डिंपल यादव की आय 58.92 लाख है। वहीं अखिलेश यादव ने यह भी बताया है कि उन्होंने पत्नी डिंपल यादव से 8.15 लाख रुपए का कर्ज लिया है। हालांकि, अखिलेश ने पिता मुलायम सिंह यादव को 2.13 करोड़ का कर्ज भी दिया है।

सपा प्रमुख ने बताया है कि उनके नाम पर सात और उनकी पत्नी के नाम पर 11 बैंक खाते हैं। उन्होंने अपनी कमाई का मुख्य स्रोत खेती, वेतन और किराया बताया है। करहल सीट से अखिलेश यादव के खिलाफ बीजेपी ने मंत्री एसपी सिंह बघेल को चुनाव मैदान में उतारा है। एसपी सिंह बघेल ने भी सोमवार को करहल सीट से नामांकन दाखिल कर दिया है। बता दें कि मैनपुरी जिले की चारों सीटों पर तीसरे चरण में 20 फरवरी को वोट डाले जाएंगे।