यूपी चुनाव की सरगर्मी के बीच जुबानी जंग भी तेज होती दिख रही है। भारतीय सुहेलदेव समाज पार्टी के प्रमुख ओम प्रकाश राजभर ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर तंज कसा है। उन्होंने योगी को उत्तराखंडी बताते हुए डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य को शिखंडी बताया है। एक न्यूज चैनल के कार्यक्रम में राजभर ने कहा कि पिछड़ों में योगी सरकार के खिलाफ नाराजगी है।

स्वामी प्रसाद मौर्य को था ईडी-सीबीआई का डर: राजभर ने इंडिया टीवी के खास कार्यक्रम में कहा कि ढाई महीने पहले हमने कहा था कि डेढ़ दर्जन मंत्री भाजपा छोड़ेंगे। लेकिन लोग मजाक समझते थे। लेकिन ये खेल मैं वहां तीन साल से कर रहा था। राजभर ने कहा कि स्वामी प्रसाद मौर्य पहले भाजपा छोड़ देते लेकिन ईडी सीबीआई का डर दिखाया जा रहा था।

योगी सरकार पर जातिवाद का आरोप: उन्होंने योगी सरकार पर जातिवाद का आरोप लगाते हुए कहा कि सीएम बनने के एक महीने बाद ही हरिशंकर तिवारी के यहां छापा पड़ता है। इसके अलावा विजय मिश्रा, बृजेश मिश्रा के यहां भी छापा पड़ा। वहीं कानपुर में खुशी दुबे को भी प्रताड़ित किया गया। ये सब ब्राह्मण हैं। राजभर ने कहा कि सपा सरकार में 6 जिलाधिकारी यादव होने पर सभी भाजपाई चिल्लाते थे, लेकिन आज 21 डीएम ठाकुर हैं। लेकिन किसी में आवाज उठाने की हिम्मत नहीं है।

उन्होंने कहा कि 25 हजार का ईनामी 10 महीने से योगी के बिरादरी का क्रिकेट खेल रहा है। लेकिन कोई उसे पकड़ने की हिम्मत नहीं कर पा रहा।

सपा ने धोखा दिया तो क्या करेंगे राजभर: इससे पहले भारत समाचार चैनल से बात करते हुए ओपी राजभर ने सपा के साथ गठबंधन पर भी अपना जवाब दिया। दरअसल उनसे सवाल किया गया कि अगर चुनाव बाद समाजवादी पार्टी ने भी धोखा दे दिया तो क्या करेंगे? इस पर उन्होंने कहा कि सपा उन्हें धोखा नहीं देगी, उन्हें अखिलेश की तरफ से सबकुछ मिल चुका है।

बता दें कि 2022 यूपी विधानसभाव चुनाव में सुहलदेव भारतीय समाज पार्टी इस बार सपा के साथ गठबंधन में है। वहीं 2017 में राजभर की पार्टी बीजेपी के साथ गठबंधन में थी।