चुनाव में राजनीतिक दलों की तरफ से वो तमाम हथकंडे अपनाए जाते हैं जो वोटरों को लुभाने में कारगर हों। ऐसे में लोग मंदिर, गुरुद्वारे से लेकर दरगाहों तक जाते हैं। इस बीच यूपी की योगी सरकार में कानून मंत्री ब्रजेश पाठक ने लखनऊ की दादा मियां दरगाह पर जाकर दुआ मांगी। बता दें कि भाजपा की जिस तरह से विचारधारा रही है और पार्टी जिस तरह की राजनीति करती आई है, उसे देखते हुए सोशल मीडिया पर लोग ब्रजेश पाठक के दरगाह जाने पर तमाम तरह की प्रतिक्रिया दे रहे हैं।

बता दें कि यूपी कानून मंत्री ब्रजेश पाठक लखनऊ की कैंट से प्रत्याशी भी हैं। इस सीट पर चौथे चरण, 23 फरवरी को मतदान होगा। ऐसे में ब्रजेश पाठक दादा मियां दरगाह पर गए और मन्नत मांगी। इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है। जिसपर लोग तंज भरे कमेंट कर रहे हैं।

एक ट्विटर यूजर रजनीश(@dwivedi_rajnish) ने लिखा, “वोट के लिए दिन में गरियाते है । वोट के लिए ही रात को दरगाह में जाते है।” वहीं नौशाद शेख ने लिखा कि, “अब लगता है मामला फंस गया है,, बस जानना था दुआ में क्या क्या मांगें होंगे नेता जा ने।” एक अन्य यूजर(@KishanS65080982) ने लिखा, “कट्टर हिन्दू, कृपया प्रतिक्रिया दें, यूपी के कानून मंत्री।”

सुनील यादव(@whosunilyadav) नाम के एक यूजर ने लिखा, “ये खुद टोपी पहन लिए और इनके आईटी सेल वाले हिजाब खेल रहे हैं।”

बता दें कि भाजपा के लिए लखनऊ कैंट व‍िधानसभा सीट काफी अहम है। दरअसल इस सीट पर 2017 से पहले कांग्रेस का कब्जा था। 2017 में पहली बार यहां कमल ख‍िला था। हालांक‍ि 2019 में हुए उपचुनाव में भी यह सीट बीजेपी के खाते में गई। इस सीट पर इस साल समाजवादी पार्टी और कांग्रेस भी अपनी मजबूत दावेदारी पेश कर रही है। इस सीट पर भाजपा ने दो बार और एक बार कांग्रेज ने जीत दर्ज की है।

लखनऊ कैंट सीट से मौजूदा समय में विधायक भाजपा के सुरेश चंद्र तिवारी हैं। बता दें कि इस विधानसभा क्षेत्र में करीब 3.85 लाख मतदाता हैं।