उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव के लिए चुनाव प्रचार चल रहा है और आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति भी हो रही है। उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव 7 चरणों में होंगे और 10 मार्च को नतीजे आएंगे। उत्तर प्रदेश में पहले चरण के लिए 10 फरवरी को वोट डाले जाएंगे। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर उनके विपक्षी आरोप लगाते हैं कि वे केवल राजपूतों की राजनीति करते हैं। इसी क्रम में आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद और उत्तर प्रदेश के प्रभारी संजय सिंह ने एक बार फिर से योगी आदित्यनाथ पर आरोप लगाया कि वे राजपूतों को ज्यादा तरजीह देते हैं।

आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने एक 7 सेकंड का वीडियो शेयर किया जिसमें हिंदुस्तान टाइम्स की पत्रकार योगी आदित्यनाथ से सवाल कर रही हैं कि, “आपको कहा जाता है कि आप राजपूतों की राजनीति करते हैं। इससे आपको कोई दुख होता है? इसके जवाब में योगी आदित्यनाथ कहते हैं कि नहीं कोई दुख नहीं होता।”

संजय सिंह ने वीडियो शेयर करते हुए लिखा कि, “ये देखिये आदित्यनाथ जी ने साफ़ कर दिया की कोई भी इनको कहे की “ये सिर्फ़ क्षत्रियों के नेता हैं तो इनको बुरा नही लगता”,आपको तो 24 करोड़ लोगों का नेता होना चाहिये आदित्यनाथ जी। क्या सबका साथ सबका विकास का नारा दिखावा मात्र है?”

संजय सिंह के इस ट्वीट के बाद उत्तर प्रदेश भाजपा ने भी सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए जवाब दिया। उत्तर प्रदेश बीजेपी के ट्विटर हैंडल से संजय सिंह के ट्वीट को रीट्वीट करते हुए 1 मिनट 48 सेकेंड का विडियो शेयर कर लिखा गया कि, “टिकट ब्लैक करने व झूठ बोलने वालों से और क्या उम्मीद कर सकते हैं। देखिए पूरे वीडियो का सच…क्या बोले योगी जी ,’जाति धर्म स्वाभिमान सबको होना चाहिए,लेकिन काम हमने सबका साथ सबका विकास पर किया दलित, पिछड़े, अल्पसंख्यक सबके लिए किया, मकान जो बने उसमें क्षत्रियों की संख्या 1% भी नहीं'”

बता दें कि आम आदमी पार्टी भी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव लड़ रही है और संजय सिंह उत्तर प्रदेश में आम आदमी पार्टी के प्रभारी हैं। संजय सिंह लगातार योगी सरकार और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की आलोचना करते रहते हैं। संजय सिंह उत्तर प्रदेश में लगातार सक्रिय हैं लेकिन अभी तक पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने उत्तर प्रदेश में कोई बड़ी सभा को संबोधित नहीं किया है।