प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तर प्रदेश की चुनावी बागडोर संभाल लिया है। योगी सरकार की सत्ता में वापसी के लिए गोरखपुर, सुलतानपुर, महोबा, झांसी, नोएडा, बलरामपुर, लखनऊ, शाहजहांपुर, कुशीनगर, प्रयागराज और वाराणसी में प्रधानमंत्री की बड़ी- बड़ी जनसभाएं हो चुकी हैं। इसके बाद 28 दिसंबर को कानपुर मेंं हजारों करोड़ रुपए की परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास के साथ जनसभा की तैयारी हो रही है।
कानपुर मंडल के 6 जिले में 27 विधानसभा सीटें हैं। इसमें कानपुर नगर में 10 विधानसभा सीट, इटावा में 3 सीट, कानपुर देहात में 4 सीट, औरैया में 3 सीट, फर्रूखाबाद में 4 सीट और कन्नौज में 3 सीटें हैं। 2017 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को 22 सीटें मिली थी। सपा को 4 सीट और कांग्रेस को एक सीट पर कब्जा मिला था।
2012 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को केवल 5 सीटें मिली थी। इटावा मुलायम सिंह यादव और अखिलेश यादव का गृह जिला है। 2017 के मोदी लहर मेंं इटावा और भरथना में भाजपा के विधायक चुने गए थे। जबकि जसवंत नगर विधानसभा सीट पर शिवपाल सिंह यादव विधायक चुने गए थे। कानपुर मंडल से साध्वी निरंजन ज्योति और भानु प्रताप केंद्रीय मंत्री हैं। सतीश महाना, नीलिमा कटियार,जय कुमार, सतीश पाल और रणवेंद्र सिंह योगी सरकार में मंत्री हैं।
भोगनीपुर के पूर्व विधायक स्व गंगा सागर शंखवार की बेटी पूनम शंखवार पिता की सियासी विरासत को आगे बढ़ाने के लिए रसूलाबाद सुरक्षित सीट से चुनाव लड़ी थी, पर 41060 वोट पाकर हार गई थी। इस बार वे पांच साल से मोदी और योगी की विकास योजनाओं के साथ रसूलाबाद में डटी हैं। टिकट मिलने का इंतजार है। उन्होंने कहा कि कानपुर मंडल की सभी सीटें भाजपा के खाते में जमा होंगी। भाजपा में प्रधानमंत्री से लेकर मुख्यमंत्री और मंत्री तक चुनाव प्रचार में जुटे हैं। योगी सरकार के कानून मंत्री ब्रजेश पाठक जन विश्वास रथयात्रा लेकर पूर्वांचल के हर विधानसभा क्षेत्रों में जाकर योगी मोदी के एतिहासिक कार्यों के बखान में जुटे हैं।
उन्होंने कहा अयोध्या मे योगी सरकार आने के बाद गुंडे माफिया जेल में हैं। सपा सरकार में अयोध्या, काशी, मथुरा, प्रयागराज और प्रदेश की सड़कों पर अपराधी गाड़ियों में असलहा भरकर घूमते थे, पर योगी सरकार आने के बाद अयोध्या, मथुरा, काशी की सड़कों पर रामभक्त, कृष्ण भक्त और बाबा विश्वनाथ के भक्त घूमते हैं। आगे उन्होंने कहा कि अयोध्या में दीपोत्सव देखना है कि इटावा में बार बालाओं का डांस। ये जनता तय करेगी।