त्रिपुरा में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रद्योत किशोर मानिक्य देब बर्मन पर सत्ताधारी भाजपा की सहयोगी पार्टी IPFT के एक कार्यकर्ता को पुलिस थाने में थप्पड़ मारने की घटना सामने आयी है। यह घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। वहीं पुलिस ने इस मामले में स्वतः संज्ञान लेते हुए मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष देब बर्मन ने आईपीएफटी के कार्यकर्ता मिंटू देबबर्मा को पुलिसकर्मियों के सामने ही थाने में थप्पड़ जड़ दिया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष का आरोप है कि मिंटू ने उनकी बहन प्रज्ञा देब बर्मन के चुनावी काफिले पर हमला किया। बता दें कि प्रज्ञा देब बर्मन त्रिपुरा ईस्ट सीट से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ रही हैं।

मिंटू देब बर्मा द्वारा प्रज्ञा देब बर्मन के काफिले पर खोवई जिले में हमला किया गया, जिसकी वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। खोवई जिला त्रिपुरा की राजधानी अगरतला से करीब 50 किलोमीटर दूर है। खोवई पुलिस स्टेशन के इंचार्ज पार्थ चक्रवर्ती ने बताया कि कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष को नोटिस भेजकर जांच के लिए पुलिस स्टेशन आने को कहा गया है। पुलिस ने गुरुवार की रात में कांग्रेस नेता के खिलाफ शिकायत दर्ज की है। पुलिस का कहना है कि इस मामले में फिलहाल सबूत जुटाने का प्रयास किया जा रहा है।

वहीं कांग्रेस नेता प्रद्योत किशोर मानिक्य देब बर्मन ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट लिखकर इस मामले में अपनी नाराजगी जाहिर की । कांग्रेस नेता ने लिखा कि ‘जिस व्यक्ति ने मेरी बहन प्रज्ञा देब बर्मन पर अपने 30 गुंडों के साथ हमला करने की योजना बनायी, उस पर जवाबी कार्रवाई के लिए मेरे खिलाफ सरकार ने केस दर्ज कराया है।’ बता दें कि त्रिपुरा ईस्ट सीट पर प्रज्ञा देब बर्मन का मुकाबला IPFT अध्यक्ष एनसी देबबर्मा, मौजूदा सांसद और सीपीएम नेता जितेन्द्र चौधरी और भाजपा की रेबती कुमार के साथ होगा। इस सीट पर तीसरे चरण के तहत 23 अप्रैल को मतदान होगा।