Lok Sabha Election 2019: 2019 लोकसभा चुनावों की तारीख के ऐलान के साथ ही सियासत तेज हो गई है। तीखी बयानबाजी के साथ ही नेताओं के पार्टी बदलने का भी सिलसिला जारी है। ऐसे में त्रिपुरा में कुछ भाजपा नेता कांग्रेस में शामिल हो गए हैं। इस नई लिस्ट में पहला नाम है प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष सुबल भौमिक का। वहीं कांग्रेस में शामिल होते ही सुबल ने भाजपा पर तीखा हमला भी किया है।

अयोग्य नेताओं के एक सर्कस में बदल गई है भाजपा: कांग्रेस में शामिल होने पर सुबल भौमिक ने कहा- मैं पिछले 5 साल से भाजपा में था। लेकिन उसके 35 साल पहले में कांग्रेस में था। ये मेरे लिए घर वापसी जैसा है। भाजपा में कुछ लोग पार्टी में मेरे अध्यक्ष पद के प्रस्ताव के खिलाफ खड़े हुए और कहा कि भाजपा-आईपीएफटी सरकार टूट जाएगी। अन्य लोग लोकसभा चुनावों में मेरी उम्मीदवारी के खिलाफ खड़े हुए और कहा कि इससे सरकार में फूट पैदा होगी। मैं बोझ नहीं बनना चाहता। इसलिए मैं कांग्रेस में शामिल हो रहा हूं। इसके साथ ही भाजपा पर वार करते हुए उन्होंने कहा- भाजपा में कोई आंतरिक लोकतंत्र नहीं है। पार्टी अयोग्य नेताओं के एक सर्कस में बदल गई है।

ये नेता भी हुए भाजपा छोड़ कांग्रेस में शामिल: बता दें कि सुबल भौमिक के अलावा भाजपा के अनुसूचित जाति मौर्चा के नेता प्रकाश चंद्र दास, किसान मोर्चा संगठन के उपाध्यक्ष प्रेमतोष देबनाथ, सीपीआई (एम) काउंसिलर देबाशीष सेन ने भी कांग्रेस की सदस्यता ली है।

त्रिपुरा कांग्रेस अध्यक्ष का क्या है कहना: त्रिपुरा कांग्रेस अध्यक्ष प्रद्दोत किशोर देव बर्मन ने नेताओं के भाजपा छोड़ कांग्रेस में शामिल होने को लेकर कहा- ये सच में घर वापसी है। इसके साथ ही भाजपा पर हमला करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस भाजपा को प्रदेश में हराने के लिए तैयार है।

 

विधानसभा चुनावों सहित लोकसभा चुनाव: बता दें कि 2019 में लोकसभा चुनाव के साथ ही चार राज्यों में विधानसभा चुनाव भी होंगे।विधानसभा चुनाव आंध्र प्रदेश, सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश और ओडिशा में होंगे। वहीं लोकसभा चुनाव 7 चरणों में होंगे। बता दें कि पहले चरण में 20 राज्य- 91 सीटें, दूसरे चरण में 13 राज्य- 97 सीटें, तीसरे चरण में 14 राज्य- 115 सीटें, चौथे चरण में 09 राज्य-71 सीटें, पांचवे चरण में 07 राज्य-51 सीटें, छठे चरण में 07 राज्य-59 सीटें और सातवें चरण में 08 राज्य-59 सीटों पर मतदान होगा।वहीं त्रिपुरा में दो चरणों में मतदान होना है। पहले चरण का मतदान 11 अप्रैल और दूसरे चरण का मतदान 18 अप्रैल को होगा। वहीं 23 मई को नतीजे घोषित किए जाएंगे।