Times Now-Veto Exit Polls: टाइम्स नाउ के एग्जिट पोल में बीजेपी यूपी में बहुमत से सरकार बनाती दिख रही है। सीएम योगी कई मिथकों को तोड़ते हुए फिर से यूपी के मुख्यमंत्री बन सकते हैं। वहीं राज्य में सपा को नंबर दो पर रहने का अनुमान जताया गया है। कांग्रेस और बसपा की हालत खराब दिख रही है।

एग्जिट पोल के अनुसार भाजपा को पिछली बार से नुकसान तो हो रहा है लेकिन वो बहुमत के आंकड़े को आसानी से पार कर जा रही है। यूपी में बीजेपी को 225 सीटें मिलने का अनुमान जताया गया है। वहीं समाजवादी पार्टी गठबंधन को 151 सीटें मिल सकती हैं। जबकि बसपा को सिर्फ 14 सीटें मिलने का अनुमान जताया गया है। वहीं 30 सालों बाद पूरी दमखम से चुनावी मैदान में उतरी कांग्रेस 9 सीटों पर ही सिमट सकती है। जबकि अन्य को चार सीटें मिल सकती हैं।

उत्तराखंड में भाजपा सबसे बड़ी पार्टी बन सकती है। यहां भी बीजेपी बहुमत के आंकड़े को पार करती दिख रही है। एग्जिट पोल के अनुसार भाजपा को 37 सीटें मिल सकती हैं। जबकि मुख्य विपक्षी पार्टी कांग्रेस को 31 सीटें मिल सकती हैं। इसके अलावा आप और अन्य को एक-एक सीट मिलने का अनुमान है। 

वहीं गोवा की बात करें तो यहां त्रिशंकु विधानसभा की आशंका जताई गई है। राज्य की 40 सीटों वाली विधानसभा में कांग्रेस गठबंधन को 16 सीटें मिल सकती हैं जबकि भाजपा के खाते में 14 सीटें आ सकती हैं। इसके अलावा आम आदमी पार्टी को चार और अन्य को 6 सीटें मिलने की उम्मीद है। यानि राज्य में किसी भी पार्टी को बहुमत नहीं मिलेगा और उसे अन्य दलों के सहयोग की आवश्यकता पड़ेगी।

पंजाब में ओपिनियन पोल के आंकड़ों की तरह ही एग्जिट पोल भी रहा है। राज्य में आम आदमी पार्टी, कांग्रेस को पटखनी देती दिख रही है। इसी तरह का अनुमान ओपिनियन पोल में भी लगाया जा चुका है। राज्य में आप प्रचंड बहुमत से सरकार बना सकती है। आप को इस एग्जिट पोल के अनुसार 70 सीटें मिल सकती हैं। वहीं कांग्रेस को बड़ा नुकसान होगा और वो 22 सीटों पर सिमट जाएगी। इसके अलावा अकाली दल गठबंधन को 19 सीटें, भाजपा गठबंधन को पांच सीटें मिल सकती है।