Lok Sabha Election 2019: 12 मई को मतदान के दिन तक माना जा रहा था कि दिल्ली की सभी सातों सीटों पर बहुकोणीय मुकाबला हो रहा है। लेकिन मुख्य मुकाबला भाजपा, कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (आप) में होने का अनुमान है। मतदान के बाद दिल्ली के मुख्यमंत्री और ‘आप’ के मुखिया अरविंद केजरीवाल ने एक बयान देकर एक समुदाय का वोट न मिलने की जानकारी दी। उसके बाद माना जाने लगा कि भाजपा का मुख्य मुकाबला आम आदमी पार्टी के बजाय कांग्रेस से हो गया है। 19 मई को चुनाव सर्वेक्षण ने भी कोई सीट ‘आप’ को नहीं दी जबकि कांग्रेस की एक सीट पर बढ़त दिखाई गई है।

2014 के चुनाव में भाजपा ने सातों सीटों पर जीत हासिल की। तब आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार सातों सीटों पर दूसरे नंबर पर आए थे। 2009 का चुनाव जीतने वाली कांग्रेस के उम्मीदवार सभी सीटों पर तीसरे नंबर पर रहे और उनकी जमानत तक जब्त हो गई। भाजपा को 46 फीसद से ज्यादा, आप को करीब 33 फीसद और कांग्रेस को 15 फीसद से कम वोट आए। इस चुनाव में कांग्रेस अपनी खोई जमीन वापस हासिल करने की कोशिश में लगी हुई है। चुनाव प्रचार के दौरान फिल्मी सितारों ने जमीन पर उतरकर कांग्रेस, भाजपा और ‘आप’ के लिए वोट मांगे।

हेमा मालिनी और सन्नी देओल ने जहां भाजपा के लिए प्रचार किया तो राज बब्बर और नगमा ने कांग्रेस के लिए वोट मांगे। प्रकाश राज, स्वरा भास्कर और गुल पनाग ने ‘आप’ के लिए प्रचार किया। इनके अलावा बड़ी संख्या में फिल्म अभिनेता और कलाकारों ने तीनों दलों के उम्मीदवारों के लिए वोट मांगे। प्रचार के दौरान, मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को मोती नगर में एक शख्स ने थप्पड़ जड़ा तो ‘आप’ की पूर्वी दिल्ली की उम्मीदवार आतिशी ‘अपमानजनक पर्चे’ को लेकर संवाददाता सम्मेलन में रो पड़ी। वहीं टिकट नहीं मिलने से भाजपा के उत्तर पश्चिम दिल्ली से सांसद रहे उदित राज ने कांग्रेस का दामन थाम लिया।

भाजपा ने आरक्षित दिल्ली उत्तर पश्चिम सीट से उदित राज के बदले पंजाबी गायक हंसराज हंस और पूर्वी दिल्ली सीट से महेश गिरी के बजाए क्रिकेटर गौतम गंभीर को उम्मीदवार बनाया। बाकी नई दिल्ली से फिर से मीनाक्षी लेखी, दक्षिणी दिल्ली से रमेश बिधूड़ी, पश्चिमी दिल्ली से प्रवेश वर्मा, दिल्ली उत्तर पूर्व से मनोज तिवारी और चांदनी चौक से केंद्रीय मंत्री डॉक्टर हर्षवर्धन उम्मीदवार बने हैं। कांग्रेस ने पिछले चुनाव में दिल्ली उत्तर पूर्व से चुनाव लड़े और 2009 में सांसद रहे जय प्रकाश अग्रवाल को चांदनी चौक से उम्मीदवार बनाया है।

उनके अलावा दिल्ली की 15 साल मुख्यमंत्री रहीं शीला दीक्षित दिल्ली उत्तर पूर्व से, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अरविंदर सिंह लवली-पूर्वी दिल्ली से, पूर्व केंद्रीय मंत्री अजय माकन-नई दिल्ली से, महाबल मिश्र-पश्चिमी दिल्ली से, राजेश लिलोठिया दिल्ली उत्तर पश्चिम से और बाक्सर विजेंदर सिंह-दक्षिणी दिल्ली से उम्मीदवार बनाए गए। ‘आप’ ने पूर्वी दिल्ली से आतिशी, पश्चिमी दिल्ली से बलवीर सिंह जाखड़, नई दिल्ली से बृजेश गोयल, दक्षिणी दिल्ली से राघव चढ्ढा, दिल्ली उत्तर पश्चिम से गुग्गन सिंह, दिल्ली उत्तर पूर्व से दिलीप पांडेय और चांदनी चौक से पंकज गुप्ता को उम्मीदवार बनाया है।