दिल्ली की राजनीति में अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के बाद से जमीन पर तमाम समीकरण बदल चुके हैं। इस बीच सुनीता केजरीवाल जिस तरह से राजधानी की राजनीति में घुल मिल रही हैं, जिस तरह से उनकी तरफ से लगातार मीडिया से बात की जा रही है, आम आदमी पार्टी के समर्थक तो उन्हें अगला मुख्यमंत्री भी देख रहे हैं। अब इस बीच दिल्ली सरकार में मंत्री सौरभ भारद्वाज ने ऐसा बयान दिया है जिसने कई अटकलों को जन्म दे दिया है।
सौरभ भारद्वाज ने एक मीडिया पोर्टल से बात करते हुए कहा कि इस समय अरविंद केजरीवाल के संदेश सुनीता जी ही जारी कर रही हैं। इसका पार्टी और हमसे सहानुभूति रखने वालों पर शानदार असर पड़ा है। हम इसे ही आगे बढ़ाना चाहते हैं। वर्तमान स्थिति में तो पार्टी को एकजुट रखने के लिए वे सबसे सफल इंसान हैं।
सौरभ ने आगे कहा कि कई सालों से अरविंद केजरीवाल के साथ लगातार डटकर सुनीता खड़ी रही हैं। वे खुद एक IRS ऑफिसर रही हैं, अब अगर ऐसा इंसान पार्टी के साथ रहता है, तो वे एक ग्लू की तरफ सभी को साथ रखने का काम करता है। हमारे के लिए ये किसी आशीर्वाद से कम नहीं है। बड़ी बात ये भी है कि सुनीता जी, केजरीवाल की पत्नी हैं, जेल में उनसे मिल सकती हैं. ऐसे में दिल्ली के मुद्दों के सीएम तक ले जा सकती हैं।
अब जानकारी के लिए बता दें कि अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के बाद से ही दिल्ली में सियासी हालात बदल गए हैं। ऐसी खबर जरूर है कि अभी केजरीवाल इस्तीफा नहीं देने वाले हैं, वे जेल से ही सरकार चलाने का काम करेंगे, उनकी तरफ से कुछ आदेश भी जारी किए जा रहे हैं। माना जा रहा है कि सुनीता के जरिए ही वे कई संदेश पार्टी और दिल्ली की जनता तक भेज रहे हैं। इस समय आम आदमी पार्टी के लिए सुनीता केजरीवाल एक नया सियासी हथियार बन चुकी हैं जिसके सहारे पार्टी को इस मुश्किल स्थिति से बाहर निकालने की कोशिश हो रही है।