समाजवादी पार्टी ने लोकसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों की अपनी पहली सूची जारी कर दी है। सपा की लिस्ट में 16 उम्मीदवारों के नाम हैं। इस लिस्ट में यादव परिवार के भी तीन सदस्य शामिल हैं। समाजवादी पार्टी ने डिंपल यादव को मैनपुरी, धर्मेंद्र यादव को बदायूं और अक्षय यादव को फिरोजाबाद से उम्मीदवार बनाया है।

संभल से बर्क और बस्ती से राम प्रसाद चौधरी उम्मीदवार

यादव परिवार के तीन नाम के अलावा समाजवादी पार्टी ने संभल से अपने सांसद शफीकुर्ररहमान बर्क को उम्मीदवार बनाया है। वहीं एटा से देवेंद्र शाक्य, खीरी से उत्कर्ष वर्मा, धौरहरा से आनंद भदौरिया, उन्नाव से अनु टंडन, लखनऊ से विधायक रविदास मेहरोत्रा, फर्रुखाबाद से नवल किशोर शाक्य, अकबरपुर से राजाराम पाल, बांदा से शिव शंकर पटेल, फैजाबाद से अवधेश प्रसाद, अंबेडकर नगर से लालजी वर्मा, बस्ती से राम प्रसाद चौधरी और गोरखपुर से काजल निषाद को प्रत्याशी बनाया है।

उत्तर प्रदेश में इंडिया गठबंधन में तीन दल शामिल हैं। समाजवादी पार्टी, कांग्रेस और आरएलडी इंडिया गठबंधन में शामिल हैं। कुछ दिन पहले ही समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने ट्वीट कर कहा था कि कांग्रेस के लिए 11 सीट और आरएलडी के लिए 7 सीट समाजवादी पार्टी छोड़ेगी। यानी 62 सीटों पर समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार होंगे, जबकि 18 सीटों पर सहयोगी दलों के उम्मीदवार उतरेंगे। हालांकि कांग्रेस को 11 सीटों पर आपत्ति है। कांग्रेस ने अभी 11 सीटों की पुष्टि नहीं की है।

अखिलेश यादव ने समाजवादी पार्टी के लिए 16 उम्मीदवारों के नाम का ऐलान तो कर दिया लेकिन इससे गठबंधन के बीच अच्छा संदेश नहीं गया है। कांग्रेस ने कहा है कि उसे समाजवादी पार्टी के इस फैसले की जानकारी नहीं है।

कांग्रेस बोली- फैसले की जानकारी हमें नहीं

उत्तर प्रदेश कांग्रेस प्रभारी अविनाश पांडे ने कहा कि आप क्या कह रहे हैं इसकी जानकारी मुझे नहीं है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी ने अगर कोई सूची जारी की है तो इसकी जानकारी तो वही दे सकते हैं। इसके पहले कांग्रेस उत्तर प्रदेश अध्यक्ष अजय राय भी कह चुके हैं कि अगर पार्टी रहेगी तो कांग्रेस सभी 80 लोकसभा सीटों पर उम्मीदवार उतारने के लिए तैयार है।