भोपाल लोकसभा सीट से बीजेपी प्रत्याशी प्रज्ञा ठाकुर के गोडसे देशभक्त वाले बयान पर काफी आपत्ति जताई जा रही है। लोग उन्हें सोशल मीडिया पर जमकर ट्रोल कर रहे हैं। हालांकि, इस दौरान कुछ लोगों ने गलतफहमी में प्रज्ञा तिवारी नाम की एक युवती को भी ट्रोल कर दिया है। वकालत की पढ़ाई कर चुकी प्रज्ञा तिवारी को इस मामले की जानकारी हुई तो उन्होंने लोगों को उनकी गलती की जानकारी दी। इसके बाद काफी यूजर्स ने उनसे माफी भी मांगी।

यह है मामला:  बता दें कि बीजेपी ने भोपाल लोकसभा सीट से साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर को प्रत्याशी बनाया है। वहीं, कांग्रेस ने इस सीट पर मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह पर दांव खेला है। गुरुवार (17 मई) को साध्वी प्रज्ञा से नाथूराम गोडसे को लेकर सवाल पूछा गया। उन्होंने जवाब दिया कि गोडसे देशभक्त थे, हैं और हमेशा रहेंगे। बता दें कि नाथूराम गोडसे ने 1948 में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की हत्या की थी।

National Hindi News, 17 May 2019 LIVE Updates: दिनभर की हर खबर पढ़ने के लिए यहांं करें क्लिक

लोगों ने गलत प्रज्ञा को किया ट्रोल: साध्वी प्रज्ञा के इस बयान पर लोगों ने सोशल मीडिया पर भी नाराजगी जाहिर की। हालांकि, इस दौरान कुछ लोगों ने गलत प्रज्ञा को निशाने पर ले लिया। उन्होंने प्रज्ञा तिवारी को ट्रोल करना शुरू कर दिया। तिवारी ने मामले की हकीकत बताई तो यूजर्स को अपनी गलती का एहसास हुआ।

कौन हैं प्रज्ञा तिवारी: प्रज्ञा तिवारी मूलरूप से भारतीय निवासी हैं। उन्होंने यूके में लॉ से ग्रैजुएशन और पोस्ट ग्रैजुएशन किया। वहीं, 2008 से प्रैक्टिस कर रही हैं। प्रज्ञा तिवारी की वेबसाइट पर मौजूद डिटेल के मुताबिक, वह पत्रकार बनने के लिए वकालत छोड़ चुकी हैं। इसके बाद वह तहलका मैग्जीन में ऑनलाइन एडिटर रह चुकी हैं। वहीं, बिग इंडियन पिक्चर में एडिटर-इन-चीफ का पद संभाल चुकी हैं। साथ ही, कई प्राइम टाइम शो भी कर चुकी हैं।