पश्चिम बंगाल में हेलिकॉप्टर लैंडिंग की इजाजत नहीं मिलने के बाद उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ से फोन पर ही रैली को संबोधित किया। दक्षिण दिनाजपुर के बैलूरघाट में रविवार को योगी की रैली प्रस्तावित थी। हेलिकॉप्टर लैंडिंग की इजाजत नहीं मिलने को लेकर योगी ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को जमकर निशाने पर लिया।
TMC कार्यकर्ता की तरह काम कर रहा प्रशासनः योगी ने पश्चिम बंगाल सरकार पर बिना किसी पूर्व सूचना के रैली की अनुमति रद्द करने का आरोप लगाते हुए कहा, ‘ममता जी स्वीकार कीजिए कि आप प्रशासन का दुरुपयोग कर रही हैं। देश में लोकतंत्र है और पश्चिम बंगाल में प्रशासन तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ता की तरह काम कर रहा है। इसे कतई स्वीकार नहीं किया जा सकता।’
‘ये योगी की लोकप्रियता का प्रमाण’: हेलिकॉप्टर लैंडिंग की इजाजत न मिलने के बाद योगी आदित्यनाथ के सूचना सलाहकार मृत्युंजय कुमार ने भी चुटकी ली। उन्होंने कहा, ‘यह उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री की लोकप्रियता का ही असर है कि ममता बनर्जी ने हेलिकॉप्टर उतारने की अनुमति तक नहीं दी।’
बीजेपी के दिग्गजों का लगा है जमावड़ाः उल्लेखनीय है कि इन दिनों पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी लोकसभा चुनाव के मद्देनजर ताबड़तोड़ रैलियां कर रही है। रविवार को राज्य में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने भी रैलियां की थीं। इनके अलावा अमित शाह भी कई रैलियां कर चुके हैं। इसी हफ्ते मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी रैली करने वाले हैं। पश्चिम बंगाल लोकसभा सीटों की संख्या के लिहाज से तीसरा सबसे बड़ा राज्य है। यहां लोकसभा की 42 सीटें हैं जिनमें से पिछली बार अधिकांश सीटें तृणमूल कांग्रेस के नाम रही थीं।
