राजस्थान में विधानसभा चुनाव के नामांकन खत्म होते ही प्रत्याशियों की संपत्ति को लेकर खासी चर्चा है। पिछली बार की तरह इस चुनाव में भी कामिनी जिंदल सबसे अमीर प्रत्याशी बनी हैं। वहीं चौंकाने वाली बात यह है कि राज्य की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के नाम पर एक भी मकान नहीं है। भाजपा-कांग्रेस के करीब एक दर्जन प्रत्याशियों की तो पत्नियां भी खासी अमीर हैं।

सबसे रईस हैं कामिनी जिंदल
बदलाव के नाम पर दिल्ली में आम आदमी पार्टी को सपोर्ट करने वाली कामिनी जिंदल के नाम सबसे कम उम्र में सबसे अधिक अंतर से चुनाव जीतने का रिकॉर्ड है। इस बार दिए गए हलफनामे के मुताबिक उनकी कुल संपत्ति 287.96 करोड़ रुपए है जो पिछली बार के मुकाबले 93 करोड़ रुपए ज्यादा है। उनके पास करीब ढाई किलो सोना और 23 किलो चांदी है। पिछले चुनाव में उनकी संपत्ति भाजपा और कांग्रेस के सभी प्रत्याशियों की संपत्ति के योग से भी ज्यादा थी, जबकि राज्य की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे की तुलना में वो करीब 50 गुना ज्यादा संपत्ति की मालकिन थीं।

वसुंधरा के पास नहीं अपना मकान
राजपरिवार से ताल्लुक रखने वाली वसुंधरा राजे की संपत्ति पांच सालों में 43.31 लाख रुपए बढ़कर करीब 4.10 करोड़ रुपए हो गई है। उनके पास तीन किलो से ज्यादा सोना और 15 किलो चांदी है। उनके नाम पर जयपुर के इंदिरा नगर में एक प्लॉट है लेकिन कोई मकान नहीं है।

पायलट-गहलोत बराबर अमीर
राजस्थान में कांग्रेस की तरफ से मुख्यमंत्री पद के दावेदार सचिन पायलट और अशोक गहलोत दोनों की संपत्ति लगभग बराबर है। पार्टी के मौजूदा प्रदेशाध्यक्ष सचिन पायलट के पास 6.39 करोड़ रुपए की संपत्ति है। वहीं राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के पास 6.44 करोड़ रुपए की संपत्ति है। पिछले पांच सालों में उनकी संपत्ति 4.74 करोड़ रुपए बढ़ी।

…इन प्रत्याशियों की पत्नियां भी चर्चा में
भाजपा और कांग्रेस के 10 से ज्यादा विधायकों की पत्नियां भी संपत्ति को लेकर चर्चा में हैं।
– विद्याधर नगर से भाजपा के नरपत सिंह राजवी की पत्नी रतन कंवर सबसे अमीर हैं। उनके नाम 8.34 करोड़ रुपए की प्रॉपर्टी और एक ट्रैक्टर है। वे पूर्व उपराष्ट्रपति भैरोसिंह शेखावत की बेटी है।
– आमेर से बसपा के प्रत्याशी नवीन पिलानियां की पत्नी प्रणिति 5.70 करोड़ की मालकिन हैं। उनकी चर्चा इतने अमीर होते हुए भी सालों पुरानी हीरो होंडा मोटरसाइकिल पर चलने को लेकर भी होती है।
– विद्याधर नगर से कांग्रेस प्रत्याशी सीताराम अग्रवाल की पत्नी लक्ष्मी देवी के पास 7.38 करोड़ की संपत्ति है।
– भाजपा प्रत्याशी लाहोटी की पत्नी लीना के पास 4.14 करोड़ रुपए की संपत्ति है।
– भाजपा के दिग्गज घनश्याम तिवाड़ी की पत्नी के पास 2.92 करोड़ रुपए की चल-अचल संपत्ति है।
– भाजपा प्रत्याशी मोहनलाल गुप्ता की पत्नी के पास 1.94 करोड़ की संपत्ति है।
– भाजपा प्रत्याशी अरूण चतुर्वेदी की पत्नी मृदुला चतुर्वेदी के पास 2.41 करोड़ रुपए की कुल संपत्ति है।
– कांग्रेस प्रत्याशी लालचंद की पत्नी के पास 1 करोड़ 72 लाख रुपए की संपत्ति है।