राजस्थान विधानसभा चुनाव के मतदान से ठीक पहले सीएम अशोक गहलोत और सचिन पायलट एक साथ दिखाई दिए हैं। दोनों नेताओं को एयरपोर्ट पर राहुल गांधी का स्वागत करते देखा गया। चुनाव से पहले अशोक गहलोत और सचिन पायलट के बीच मतभेद की अटकलों के बीच राहुल गांधी ने कहा, “हम न केवल एक साथ दिख रहे हैं बल्कि हम एकजुट हैं और एकजुट रहेंगे और राजस्थान में कांग्रेस का परचम लहराएगा।” इस तस्वीर के सामने आने के बाद सियासी अटकलें शुरू हो गई हैं कि कांग्रेस मतदान से पहले किसी भी तरह का मौका नहीं चूकना चाहती है। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और सचिन पायलट के बीच मतभेद 2018 में कांग्रेस के सत्ता में आने के बाद से दिखाई देने लगा था, फिलहाल दोनों नेताओं के बीच सब ठीक-ठाक दिखाने के प्रयास हुए हैं।
समाचार एजेंसी एएनआई ने एक वीडियो पोस्ट किया है जिसमें पायलट और गहलोत मुस्कुराते हुए दिखाई दे रहे हैं। इस दौरान अचानक राहुल गांधी मीडिया का रुख करते हैं और कहते हैं, “हम न केवल एक साथ दिख रहे हैं, बल्कि एकजुट भी हैं। हम एक साथ रहेंगे और कांग्रेस यहां (राजस्थान में) चुनाव जीतेगी।”
दोनों नेताओं के बीच रहा है विवाद
अशोक गहलोत और पायलट के बीच सुलह की अटकलों के बीच राहुल गांधी का यह बयान काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। साल 2020 में पायलट जो उस समय उपमुख्यमंत्री थे और उनके वफादार 18 कांग्रेस विधायकों ने गहलोत के खिलाफ बगावत कर दी थी। इसके बाद पायलट को डिप्टी सीएम के पद और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पद से हटा दिया गया था।
संकट के बाद से दोनों नेताओं के बीच रिश्ते तनावपूर्ण बने हुए हैं। इस साल की शुरुआत में पायलट ने गहलोत सरकार के खिलाफ एक विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व किया था, जिसमें उन्होंने वसुंधरा राजे के नेतृत्व वाली पिछली भाजपा सरकार के दौरान किए गए कथित भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करने का आग्रह किया था। अशोक गहलोत का सचिन पायलट को निकम्मा कहने वाला बयान भी काफी चर्चा में आया था।