राजस्थान में विधानसभा चुनाव के दौरान कई दिलचस्प किस्से भी सामने आ रहे हैं। एक किस्सा राज्य की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे का भी है। वसुंधरा को कांग्रेस महारानी कहकर निशाने पर ले रही हैं लेकिन राजस्थान भाजपा के बड़े नेता अशोक परनामी ने वाकये का जिक्र करते हुए कांग्रेस को जवाब दिया है। पार्टी के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष ने एक टीवी कार्यक्रम में कहा कि वसुंधरा राजे पर अक्सर महारानी की तरह व्यवहार करने का आरोप लगता है लेकिन उनकी कार्यशैली देखकर ऐसा नहीं लगता।
पानी की टंकी पर चढ़ गई थीं वसुंधराः परनामी के मुताबिक एक बार ‘सरकार आपके द्वार’ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने गांव-गांव जाकर दौरे कर रही थीं। तभी एक जगह लोगों ने पीने का साफ पानी नहीं मिलने की शिकायत की। तब मुख्यमंत्री स्वयं पानी की टंकी पर चढ़ गई और देखा कि पानी कैसा है। गौरतलब है कि राजस्थान चुनाव प्रचार के दौरान राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष सचिन पायलट समेत तमाम दिग्गज कई बार उन पर राजघराने से संबंध को लेकर निशाना साध चुके हैं।
ऐसा है वसुंधरा का राजनीतिक इतिहासः वसुंधरा राजे दूसरी बार राज्य की मुख्यमंत्री बनी हैं। वे 2003 से लगातार तीसरी बार झालरापाटन सीट से विधायक हैं और अब चौथी बार भी वहीं से प्रत्याशी हैं। अपना पहला विधानसभा चुनाव उन्होंने 1985 में धौलपुर से जीता था। इसके बाद वे लगातार पांच बार लोकसभा सांसद भी रहीं। इस बार उनके सामने कांग्रेस ने भाजपा से ही आए मानवेंद्र सिंह को उतारा है। मानवेंद्र कद्दावर भाजपा नेता और अटल सरकार में कैबिनेट मंत्री रहे जसवंत सिंह के बेटे हैं।

