राजस्थान विधानसभा चुनाव में नेताओं के अजीबोगरीब बयानों का सिलसिला बदस्तूर जारी है। अब कपड़ों की तरह दल बदलने वाले एक नेता ने ऐसा बयान दिया है जिसे सुनकर हर कोई चौंक रहा है। यहां बात भाजपा से कांग्रेस और फिर कांग्रेस में भाजपा में जाने वाले जवाहरलाल मूथा की हो रही है। पार्टियों की अदला-बदली का ये सिलसिला साल या महीने नहीं बल्कि एक ही हफ्ते में पूरा हो गया।
…यूं चला अदला-बदली का दौर
24 नवंबरः भाजपा के मंडल मंत्री मूथा ने सीएम वसुंधरा राजे की सभा शिरकत की, उनके साथ सेल्फी ली।
25 नवंबरः बिलाड़ा प्रत्याशी हीराराम मेघवाल के चुनावी कार्यालय के उद्घाटन समारोह में कांग्रेस से जुड़ गए।
और अबः फिर से भाजपा में लौटे। भाजपा-कांग्रेस दोनों के नेता उनके पार्टी से जाने या वापस आने पर कुछ बोलने को तैयार नहीं है।
दल-बदल के पीछे का रोचक तर्क
मूथा का कहना है कि उनके गोदाम के आगे कचरे का ढेर लगा रहता था। नगरपालिका से प्रधानमंत्री तक के पोर्टल पर कई बार शिकायत करने के बावजूद हल नहीं मिला। बाद में नाराजगी के चलते वे कांग्रेस में शामिल हो गए। लेकिन राज्यसभा सांसद रामनारायण डूडी की कोशिशों के चलते गोदाम के आगे की सफाई हो गई है। इसीलिए मूथा वापस भाजपा में लौट आए।

