Rajasthan CM Oath Ceremony Updates: पांच राज्यों हुए विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान में शानदार वापसी की। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस को जहां पूर्ण बहुमत मिला है, वहीं राजस्थान और मध्य प्रदेश में भी निर्दलीय तथा अन्य दलों के समर्थन के बाद कांग्रेस की सरकार बनने का रास्ता साफ हो गया। आज राजस्थान में अशोक गहलोत ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। उनके साथ ही सचिन पायलट को भी मंत्री (उपमुख्यमंत्री) के रूप में शपथ दिलवाई गई। समारोह में शामिल होने के लिए कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री राहुल गांधी सहित कई नेता मंच पर मौजूद रहे।

यह तीसरी बार है जब गहलोत राजस्थान के मुख्यमंत्री बने हैं। इससे पहले वह 1998 में पहली बार मुख्यमंत्री और 2008 में दूसरी बार मुख्यमंत्री बनें थे। वहीं, उप मुख्यमंत्री बने पायलट फिलहाल राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष हैं। वह लोकसभा सदस्य और मनमोहन सिंह सरकार में मंत्री रह चुके हैं। वे कांग्रेस के दिग्गज नेता रहे पूर्व केंद्रीय मंत्री दिवंगत राजेश पायलट के पुत्र हैं। बता दें कि राजस्थान विधानसभा के चुनाव परिणामों की घोषणा 11 दिसंबर देर रात तक कर दी गई थी। उसके बाद  मुख्यमंत्री के चयन को लेकर दिल्ली में चली लंबी मंत्रणा के बाद अशोक गहलोत के नाम पर मुहर लगी।

Live Blog

Rajasthan CM Oath Ceremony Updates 

11:36 (IST)17 Dec 2018
शपथ ग्रहण समारोह में ये भी हुए शामिल

शपथ ग्रहण समारोह में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेताओं के अलावा तेलुगू देसम पार्टी (तेदेपा) के नेता एन चंद्रबाबू नायडू, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के अध्यक्ष शरद पवार, लोकतांत्रिक जनता दल के शरद यादव, द्रमुक नेता एमके स्टालिन, कर्नाटक के मुख्यमंत्री एवं जद (एस) नेता एचडी कुमारस्वामी, राजद नेता तेजस्वी यादव, नेशनल कांफ्रेंस के फारूक अब्दुल्ला और तृणमूल कांग्रेस के दिनेश त्रिवेदी शामिल हुए। लोकसभा में कांग्रेस के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे, भूपेंद्र हुड्डा, सिद्धरमैया, आनंद शर्मा, तरुण गोगोई, नवजोत सिंह सिद्धू, अविनाश पांडे सहित कांग्रेस के अन्य वरिष्ठ नेतागण भी शपथ ग्रहण कार्यक्रम में पहुंचे।

11:35 (IST)17 Dec 2018
इंदिरा गांधी के समय से राजनीति में सक्रिय हैं गहलोत

इंदिरा गांधी के समय से राजनीति में सक्रिय गहलोत केंद्र में मंत्री भी रहे हैं। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी में कई अहम पदों पर रह चुके गहलोत तीन बार कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष रहे हैं। गहलोत ने राजनीति के अलावा 1971 में बांग्लादेश के मुक्ति संग्राम के दौरान पश्चिम बंगाल में बांग्लादेशी शरणार्थियों के शिविरों में काम किया और कई सामाजिक गतिविधियों में शामिल रहे।

11:27 (IST)17 Dec 2018
तीसरी बार मुख्यमंत्री बने अशोक गहलोत

गहलोत तीसरी बार राजस्थान के मुख्यमंत्री बने हैं। वह 1998 में पहली बार मुख्यमंत्री बने और 2008 में दूसरी बार मुख्यमंत्री का पदभार संभाला था। 

11:26 (IST)17 Dec 2018
मनमोहन सिंह सरकार में मंत्री रह चुके हैं सचिन

उप मुख्यमंत्री बने सचिन पायलट फिलहाल राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष हैं। वह लोकसभा सदस्य और मनमोहन सिंह सरकार में मंत्री रह चुके हैं। वह अपने जमाने में कांग्रेस के दिग्गज नेता रहे पूर्व केंद्रीय मंत्री दिवंगत राजेश पायलट के पुत्र हैं।

11:04 (IST)17 Dec 2018
सचिन पायलट ने ली मंत्री पद की शपथ

सचिन पायलट को भी मंत्री पद (उपमुख्यमंत्री) की शपथ दिलवाई गई।

11:04 (IST)17 Dec 2018
अशोक गहलोत तीसरी बार बने राजस्थान के मुख्यमंत्री

अशोक गहलोत ने तीसरी बार सोमवार को राजस्थान के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। इस दौरान कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह सहित कई अन्य नेता मौैजूद रहे। 

10:29 (IST)17 Dec 2018
वसुंधरा राजे भी मंच पर मौजूद

राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे भी मंच पर मौजूद हैं। राजे को सत्ता से बेदखल कर ही कांग्रेस इस बार सरकार बना रही है। अशोक गहलोत मुख्यमंत्री और सचिन पायलट उपमुख्यमंत्री बन रहे हैं। राजे के साथ कांग्रेस नेता जतीन प्रसाद और अन्य नेता मौजूद हैं।

10:24 (IST)17 Dec 2018
शपथ ग्रहण समारोह में नहीं दिखेंगे अरविंद केजरीवाल और ममता बनर्जी

आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल और तृणमूल कांग्रेस प्रमुख व पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी खुद इस समारोह में शिरकत करने नहीं पहुंच रही है। हालांकि, आप की ओर से संजय सिंह व टीएमसी की ओर से दिनेश त्रिवेदी शिरकत कर रहे हैं। 

10:19 (IST)17 Dec 2018
राहुल गांधी, मनमोहन सिंह समेत कई नेता पहुंचे

शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह समेत कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता जयुपर पहुंच चुके हैं। यहां वे एयरपोर्ट से शपथ ग्रहण समारोह स्थल अलबर्ट हॉल जा रहे हैं। 

09:35 (IST)17 Dec 2018
मायावती और अखिलेश यादव शपथ ग्रहण समारोह में नहीं होंगे शामिल

समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव तथा बहुजन समाज पार्टी की अध्यक्षा मायवती राजस्थान में शपथ ग्रहण समारोह में शिरकत नहीं करेंगे। 

09:33 (IST)17 Dec 2018
शपथ ग्रहण समारोह में दिखेगी विपक्षी एकता

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी शपथ ग्रहण समारोह में हिस्सा लेंगे। पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवगौडा, कर्नाटक के मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी, जम्मू कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला समेत विपक्ष के कई अहम नेता समारोहों में शिरकत कर सकते हैं। आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू, राजद नेता तेजस्वी यादव समारोहों में शिरकत करेंगे। वहीं एआईयूडीएफ नेता बदरुद्दीन अजमल, टीएमसी नेता दिनेश त्रिवेदी और एलजेडी नेता शरद यादव समेत अन्य को समारोह के लिए आमंत्रित किया गया है।

09:13 (IST)17 Dec 2018
गहलोत बोले- घोषणापत्र हमारी प्राथमिकता

राजस्थान के नए मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ लेने से पहले अशोक गहलोत ने कहा कि घोषणाात्र हमारी प्राथमिकता है। घोषणापत्र में जितने भी वादे किए गए हैं, सभी को पूरा किया जाएगा। जैसे ही कैबिनेट का गठन हो जाएगा, हम सब एक साथ मिलकर राज्य के विकास के लिए काम करेंगे। हम वही काम करेंगे जो राज्य की जनता चाहती है। राज्य और यहां की जनता का विकास हमारी प्राथमिकता है। जनता ने जिस उम्मीद से हमें वोट दिया है, उसे उम्मीद को हर हाल में बनाए रखेंगे।

09:09 (IST)17 Dec 2018
जयपुर के अलबर्ट हॉल में होगा शपथ ग्रहण समारोह, पहुंचने लगे लोग

राजस्थान के जयपुर में स्थित अलबर्ट हॉल में अशोक गहलोत मुख्यमंत्री और सचिन पायलट उप-मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। शपथ ग्रहण समारोह को लेकर कांग्रेस नेता व कार्यकर्ता अभी से ही यहां इकट्ठा होने लगे हैं। लोगों की भीड़ बढ़ती जा रही है।

09:06 (IST)17 Dec 2018
पूरी होगी जनता की उम्मीदें: सचिन

राज्य के उप-मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ लेने से पहले सचिन पायलट ने कहा, "राज्य और यहां के लोगों के लिए नई शुरूआत है। राज्य की जनता ने हमारे उपर विश्वास किया है और आज से ही हमारा काम शरू होता है। जैसे ही कैबिनेट का गठन होता है, हम अपने वादों को पूरा करने के लिए काम शुरू कर देंगे। हम जनता की उम्मीदों को पूरा करने के लिए काम करेंगे।"