झारखंड के रांची में इंडिया गठबंधन की रैली हुई। इस रैली में इंडिया गठबंधन के बड़े नेता शामिल हुए लेकिन कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी रैली में शामिल नहीं हुए। बताया जा रहा है कि वह अचानक बीमार हो गए हैं और नई दिल्ली से बाहर नहीं जा सकते हैं। हालांकि इस रैली में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी हिस्सा लिया।
राहुल गांधी के रैली में न शामिल होने की जानकारी जयराम रमेश ने दी। उन्होंने X पर पोस्ट करते हुए लिखा, “राहुल गांधी आज सतना और रांची में चुनाव प्रचार के लिए पूरी तरह से तैयार थे, जहां INDIA की रैली हो रही है। लेकिन वह अचानक बीमार हो गए हैं और फिलहाल नई दिल्ली से बाहर नहीं जा सकते हैं। कांग्रेस अध्यक्ष श्री मल्लिकार्जुन खरगे जी अवश्य सतना में जनसभा को संबोधित करने के बाद रांची की रैली में शामिल होंगे।”
जेल के ताले टूटेंगे, अरविंद केजरीवाल-हेमंत सोरेन छूटेंगे- सुनीता केजरीवाल
रैली में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल ने कहा, “अरविंद केजरीवाल को सत्ता की कोई इच्छा नहीं है। वह सिर्फ देश की सेवा करना चाहते हैं। वह देश को नंबर 1 बनाना चाहते हैं। कई लोग कहते हैं कि यह मुश्किल है। जेल के ताले टूटेंगे, अरविंद केजरीवाल-हेमंत सोरेन छूटेंगे।”
सुनीता केजरीवाल ने आगे कहा, “राजनीति बहुत गंदी चीज है, उनके खाने-पीने पर कैमरे से नजर रखी जा रही है। वे शुगर के मरीज हैं और वह पिछले 12 वर्षों से हर दिन 50 यूनिट इंसुलिन ले रहे हैं। लेकिन उन्हें जेल में इंसुलिन नहीं दिया जा रहा है। वे दिल्ली के सीएम को मारना चाहते हैं। केजरीवाल बहुत बहादुर और एक शेर हैं। इन्हें जेल से भी ‘भारत माता’ की चिंता है।”
तेजस्वी यादव ने बीजेपी पर साधा निशाना
रैली में बिहार के पूर्व डिप्टी सीएम और आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने कहा, “बीजेपी के नेता बार-बार संविधान को खत्म करने की बात कर रहे हैं। यह बाबा साहेब अंबेडकर द्वारा लिखा गया संविधान है, किसी रैंडम बाबा द्वारा नहीं। इसे बदलने की ताकत किसी में नहीं है। बिहार में भी उनके मंत्री और उम्मीदवार लगातार कह रहे हैं कि हम संविधान को खत्म कर देंगे। देश की जनता आपको खत्म कर देगी।”