पंजाब में 20 फरवरी को विधानसभा चुनाव के लिए वोट डाले जाएंगे। आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल का पूरा ध्यान पंजाब पर है। पंजाब में आम आदमी पार्टी ने भगवंत मान को मुख्यमंत्री पद का चेहरा भी घोषित कर दिया है। अगर आम आदमी पार्टी की सरकार पंजाब में बनती है तो भगवंत मान राज्य के अगले मुख्यमंत्री होंगे। पंजाब में विधानसभा चुनाव के लिए आम आदमी पार्टी ने सभी उम्मीदवारों की घोषणा भी कर दी है। आम आदमी पार्टी ने पंजाब में कई चुनावी वादे भी किए हैं। एक वादा उन्होंने यह भी किया है कि सरकार बनने पर 18 साल से ऊपर की महिलाओं को 1000 रुपए महीने दिए जायेंगे। वहीं केजरीवाल ने यह भी कहा है कि पंजाब में रोजगार के नए अवसर लाएंगे जिससे पंजाब छोड़ कनाडा गए लोग पंजाब वापस आने लगेंगे।
इसी बीच आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने जालंधर में आज एक ऐसा बयान दे दिया जिसके बाद सोशल मीडिया पर लोग खूब मजे ले रहे हैं। आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि पंजाब में अगर आम आदमी पार्टी की सरकार बनती है तो पंजाब में कोई नया टैक्स नहीं लगाया जाएगा। अरविंद केजरीवाल के इस बयान पर सोशल मीडिया यूजर्स खूब कमेंट कर रहे हैं।
श्रीनिवास श्रीधरन नाम के ट्विटर यूजर ने अरविंद केजरीवाल के बयान के जवाब में ट्वीट कर लिखा कि, “पंजाब भारत में है और जीएसटी लागू होती है। इस झूठे पर विश्वास मत करो। दिल्ली में प्रदूषण के लिए पंजाब को जिम्मेदार ठहराया था।”
अमीगो नाम के ट्विटर यूजर ने लिखा कि इसलिए पंजाब में कोई भी नया विकास कार्य नहीं किया जाएगा अगर आम आदमी पार्टी सरकार में आती है। वहीं कुंवर सिंह नाम के ट्विटर यूजर ने अरविंद केजरीवाल के बयान पर जवाब देते हुए ट्वीट किया कि, “ना रहेगा बाँस ना बजेगी बांसुरी, ना टैक्स लेंगे ना विकास करेंगे, और कुछ हुआ तो भाजपा या कांग्रेस पर थोप देंगे।”
बता दें कि पंजाब विधानसभा चुनाव के नतीजे 10 मार्च को आएंगे। कांग्रेस ने अभी तक पंजाब में मुख्यमंत्री के चेहरे का ऐलान नहीं किया है। वहीं पर बीजेपी ने पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए कैप्टन अमरिंदर सिंह की पार्टी पंजाब लोक कांग्रेस और सुखबीर सिंह ढींडसा की पार्टी के साथ गठबंधन किया हुआ है। जबकि अकाली दल ने बीएसपी के साथ गठबंधन किया हुआ है।