पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने बड़ा ऐलान किया है। सुखबीर सिंह बादल ने कहा कि अकाली दल नेता बिक्रम सिंह मजीठिया नवजोत सिंह सिद्धू के खिलाफ चुनाव लड़ेंगे ताकि सिद्धू अहंकार टूटे। अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल के इस बयान से साफ हो गया कि बिक्रम सिंह मजीठिया नवजोत सिंह सिद्धू के खिलाफ अमृतसर पूर्व से चुनाव लड़ेंगे। बिक्रम सिंह मजीठिया सुखबीर सिंह बादल के साले हैं और हरसिमरत कौर के भाई हैं।15 जनवरी को ही कांग्रेस ने अपनी पहली 86 उम्मीदवारों की सूची का ऐलान कर दिया था जिसमें नवजोत सिंह सिद्धू का भी नाम था। नवजोत सिंह सिद्धू वर्तमान में अमृतसर पूर्व से विधायक भी हैं। आम आदमी पार्टी ने अमृतसर पूर्व से जीवनजोत कौर को मैदान में उतारा है।
वहीं शिरोमणि अकाली दल के संरक्षक प्रकाश सिंह बादल पंजाब विधानसभा चुनाव में लम्बी विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ेंगे। बता दें कि लंबी विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस ने जगपाल सिंह अबुलखुराना को मैदान में उतारा है। पंजाब की लम्बी विधानसभा अकाली दल के संरक्षक प्रशांत सिंह बादल का गढ़ मानी जाता है। 1997 से लगातार प्रकाश सिंह बादल यहां पर चुनाव जीत रहे हैं।
बता दें कि पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए आम आदमी पार्टी ने 117 में 112 उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है। जबकि कांग्रेस ने अभी तक 109 उम्मीदवारों की सूची जारी की है। आम आदमी पार्टी ने पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए अपने सांसद भगवंत मान को मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार भी घोषित किया हुआ है। वहीं कांग्रेस पार्टी बिना मुख्यमंत्री के चेहरे के मैदान में उतर रही है।
2017 पंजाब विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान बिक्रम सिंह मजीठिया पर आम आदमी पार्टी के मुखिया अरविंद केजरीवाल ने ड्रग्स को लेकर गंभीर आरोप लगाए थे। हालांकि बाद में केजरीवाल ने माफी भी मांगी थी।
वहीं पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए बीजेपी ने कैप्टन अमरिंदर सिंह की पार्टी पंजाब लोक कांग्रेस और सुखदेव सिंह ढींढसा की पार्टी संयुक्त अकाली दल -ढींढसा के साथ गठबंधन किया है। पंजाब में 65 सीटों पर बीजेपी चुनाव लड़ेगी जबकि अमरिंदर सिंह की पार्टी पंजाब लोक कांग्रेस 37 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। सुखदेव सिंह की पार्टी संयुक्त अकाली दल को 15 सीटें मिली हैं।