पंजाब में विधानसभा चुनाव के लिए 20 फरवरी यानि कि रविवार को वोट डाले जाएंगे। उससे पहले मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी और आप संयोजक अरविंद केजरीवाल के खिलाफ आचार संहिता के उल्लघंन को लेकर कार्रवाई की गई है। सीएम चन्नी के खिलाफ इसके लिए मामला दर्ज किया है तो वहीं अकाली दल की शिकायत के बाद केजरीवाल के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज करने के आदेश दिए गए हैं।

मिली जानकारी के अनुसार पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी और मानसा सीट से कांग्रेस उम्मीदवार सिद्धू मूसेवाला पर आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन करने का मामला दर्ज किया गया है। उनके खिलाफ दर्ज प्राथमिकी में कहा गया है कि शुक्रवार को चुनाव प्रचार के आखिरी दिन शाम छह बजे के बाद सीएम मनसा में प्रचार करते पाए गए थे।

मानसा से आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार विजय सिंगला की शिकायत पर यह मामला दर्ज किया गया था। सीएम चन्नी शुक्रवार को मूसेवाला के लिए प्रचार करने मानसा गए थे। उनके खिलाफ आईपीसी की धारा 188 (लोक सेवक द्वारा विधिवत आदेश की अवज्ञा) के तहत मामला दर्ज किया गया है। यह एफआईआर मानसा थाना सिटी-1 में दर्ज किया गया है।

वहीं दूसरी ओर आम आदमी पार्टी के मुखिया अरविंद केजरीवाल के खिलाफ भी चुनाव आयोग ने केस दर्ज करने का निर्देश दिया है। पंजाब में विधानसभा चुनाव से एक दिन पहले, राज्य के मुख्य चुनाव अधिकारी ने शनिवार को केजरीवाल के खिलाफ आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन के लिए प्राथमिकी दर्ज करने का निर्देश दिया है। आचार संहिता के उल्लघंन के अलावा केजरीवाल पर एक और आरोप है कि उन्होंने अन्य पार्टियों के खिलाफ बेबुनियाद आरोप लगाए हैं।

एक आधिकारिक अधिसूचना के अनुसार, यह कार्रवाई अकाली दल के उपाध्यक्ष अर्शदीप सिंह कलेर की तरफ से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर शेयर किए गए एक वीडियो को लेकर की गई शिकायत पर की गई है।

पंजाब में रविवार को सभी 117 विधानसभा सीटों के लिए मतदान होना है। यहां बहुकोणीय मुकाबला देखने को मिल रहा है। राज्य में मुकाबला सत्तारूढ़ कांग्रेस, आप, शिअद-बसपा, भाजपा-पीएलसी-शिअद (संयुक्त) और संयुक्त समाज मोर्चा के बीच है।