पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा ने बड़ा ऐलान किया है। BJP ने पंजाब के पूर्व सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह की पार्टी पंजाब लोक कांग्रेस के साथ मिलकर विधानसभा चुनाव लड़ने का फैसला किया है। दोनों पार्टियों के बीच 7 राउंड की वार्ता के बाद यह फैसला हुआ है। केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने शुक्रवार को एक बार फिर से कैप्टन अमरिंदर सिंह से मुलाकात की और इसमें भाजपा और लोक कांग्रेस के बीच गठबंधन को लेकर बात तय हो गई।
पंजाब के भाजपा प्रभारी गजेंद्र शेखावत ने इस गठबंधन के बारे में जानकारी दी लेकिन यह नहीं बताया कि दोनों पार्टियां कितनी सीटों पर चुनाव लड़ेंगे। शेखावत के अनुसार सीट शेयरिंग जैसे मुद्दों पर बाद में बात की जाएगी। वहीं पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर ने साफ किया कि हम टिकट जिताऊ नेताओं को देंगे। उन्होंने कहा कि सीटों के बंटवारे में बात उसके जीतने की संभावना पर ही होगी।
सिंह ने इस घोषणा से पहले केंद्रीय मंत्री और पंजाब के लिए भाजपा के चुनाव प्रभारी गजेंद्र सिंह शेखावत से उनके आधिकारिक आवास पर मुलाकात की। मुलाकात के बाद दोनों नेताओं ने गठबंधन का औपचारिक एलान किया। सिंह के साथ संवाददाताओं से बातचीत में शेखावत ने कहा, ‘‘आज मैं यह स्पष्ट कर देना चाहता हूं कि भाजपा और अमरिंदर सिंह पंजाब चुनाव साथ मिलकर लड़ेंगे। हम साथ मिलकर काम कर रहे हैं।’’
इधर बीजेपी और पंजाब लोक कांग्रेस के गठबंधन का ऐलान हुआ तो वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस को बड़ा झटका लगा। पटियाला के 22 पार्षद और पटियाला कांग्रेस के नेता आज एक पार्टी कार्यक्रम में पंजाब लोक कांग्रेस में शामिल हो गए, इस कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह की बेटी बीबा जय इंदर कौर ने की।
शेखावत ने कहा कि उपयुक्त समय पर सीटों के तालमेल के बारे में घोषणा की जाएगी। सिंह ने कहा, ‘‘हमारा गठबंधन निश्चित तौर पर…101 प्रतिशत चुनाव जीतेगा। सीटों का तालमेल जीत की संभावना के हिसाब से तय किया जाएगा।’’कुछ दिनों पहले ही शेखावत ने चंडीगढ़ में भी सिंह से मुलाकात की थी।
बताते चलें कि पंजाब के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद सिंह ने पंजाब लोक कांग्रेस पार्टी का गठन कर लिया था। भाजपा का शिरोमणि अकाली दल से बहुत पुराना गठबंधन था, लेकिन केंद्र के तीन कृषि कानूनों के मुद्दे पर दोनों दलों का गठबंधन टूट गया था। पंजाब में अगले साल की शुरुआत में विधानसभा चुनाव होने हैं।