दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने रविवार को दावा किया है कि ईडी, उनके मंत्री और आप नेता सत्येंद्र जैन को गिरफ्तार कर सकती है। गिरफ्तारी का दावा करते हुए केजरीवाल ने पंजाब के मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता चरणजीत सिंह चन्नी पर भी निशाना साधा है।
केजरीवाल ने रविवार को कहा कि उन्हें ये जानकारी उनके सूत्रों ने दी है। एक प्रेस कांफ्रेंस करके उन्होंने ये दावा किया है। केजरीवाल ने कहा- “हमें अपने सूत्रों से पता चला है कि पंजाब चुनाव से पहले आने वाले कुछ दिनों में ईडी सत्येंद्र जैन जी को गिरफ्तार करने वाली है। उनका स्वागत है। सत्येन्द्र जैन के ऊपर पहले भी केंद्र सरकार दो बार रेड करवा चुकी है। उन रेड में उन्हें कुछ नहीं मिला। फिर से वो अगर आना चाहते हैं, तो उनका बहुत-बहुत स्वागत है। चुनाव है, रेड भी होगी, गिरफ्तारियां भी होगी, उसका हमें कोई डर नहीं है। क्योंकि मुझे लगता है, जब आप सच्चाई के रास्ते पर चलते हो, तो ये सारी बाधाएं आती हैं।
आगे केजरीवाल ने कहा कि बीजेपी की सरकार ईडी के साथ-साथ और एजेंसियां भी भेज सकती है। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी ने कभी कुछ गलत नहीं किया है। दिल्ली के सीएम ने कहा- “हम सभी पर पहले भी छापेमारी हो चुकी है। 21 विधायक गिरफ्तार किए जा चुके हैं। इस मामले में भी अधिकतम सत्येंद्र जैन को गिरफ्तार किया जाएगा और फिर कुछ दिनों में जमानत मिल जाएगी। हम गिरफ्तार होने से नहीं डरते”।
केजरीवाल यहीं नहीं रुके, उन्होंने इस मामले में पंजाब के सीएम चरणजीत सिंह चन्नी को भी लपेट लिया। उन्होंने कहा कि अगर ईडी छापा मारती है तो वो चन्नी की तरह नहीं रोएंगे। उन्होंने कहा- “हम चरणजीत सिंह चन्नी की तरह नहीं रोएंगे। क्योंकि हमने कुछ भी गलत नहीं किया है। चन्नीजी परेशान हैं क्योंकि उनके पास छिपाने के लिए कुछ है। लोग अब जानते हैं कि उन्होंने 111 दिनों में क्या किया है। हमारे पास ऐसा कुछ नहीं है”।