कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी का वाराणसी दौरा विवादों में फंसता नजर आ रहा है। बता दें कि प्रियंका गांधी ने वाराणसी पहुंचने के बाद पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया था। दरअसल, पूरा विवाद इसी माल्यार्पण को लेकर ही है। बताया जा रहा है कि प्रियंका ने अपने गले में पड़ी माला ही पूर्व प्रधानमंत्री की प्रतिमा पर डाल दी, जिसे लेकर लोगों में काफी नाराजगी है। वहीं, बीजेपी लगातार प्रियंका गांधी पर हमला बोल रही है। उधर, इस मामले में कांग्रेस ने फिलहाल कोई टिप्पणी नहीं की है। इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर काफी ज्यादा वायरल हो रहा है।

यह है मामला : बता दें कि अपनी तीन दिवसीय गंगा यात्रा के आखिरी पड़ाव में प्रियंका गांधी वाराणसी पहुंची थीं। यहां उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया था। इस घटना का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें दिखाया गया कि प्रियंका गांधी ने अपने गले में पड़ी गुलाब की माला उतारकर पूर्व प्रधानमंत्री की प्रतिमा पर चढ़ा दी। यह वीडियो सामने आने के बाद लोगों ने नाराजगी जताई है। वहीं, बीजेपी कार्यकर्ताओं ने इसे पूर्व प्रधानमंत्री का अपमान करार दिया है।

स्मृति ईरानी ने कसा तंज : प्रियंका गांधी का यह वीडियो सामने आने के बाद बीजेपी नेता लगातार प्रियंका गांधी पर हमला बोल रहे हैं। इसी कड़ी में केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने भी प्रियंका पर तंज कसा है। स्मृति ने ट्वीट किया, ‘‘मुंडी झुकाइएके सर मटकाइएके, गुमान में बिटिया भूल गई मरजाद, आपन गले की उतरन, पहनाए दीहिन, शास्त्री जी के अपमान पर ताली बजाएके, हाथ हिलाइएके, चल दीहलें कांग्रेस बिटिया तोहार।’’

गंगा यात्रा के अंतिम पड़ाव में हुई घटना : बता दें कि आगामी लोकसभा चुनाव के मद्देनजर प्रियंका गांधी ने प्रयागराज से वाराणसी तक तीन दिवसीय गंगा यात्रा निकाली थी। यह यात्रा 18 मार्च को प्रयागराज के मनैया घाट से शुरू हुई थी और 20 मार्च को वाराणसी के अस्सी घाट पर खत्म हुई। 140 किमी लंबी इस यात्रा में भदोही, मिर्जापुर और रामनगर में पड़ाव डाला गया था।