PM Narendra Modi Address to Nation: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार सुबह (27 मार्च) राष्ट्र के नाम संदेश दिया। उन्होंने कहा, ‘‘कुछ ही समय पूर्व भारत ने एक अभूतपूर्व सिद्धि हासिल की। भारत ने अपना नाम स्पेस पावर के रूप में दर्ज करा लिया है। अब तक दुनिया के तीन देश अमेरिका, रूस और चीन को यह उपलब्धि हासिल थी। भारत चौथा देश है, जिसने यह सिद्धि प्राप्त की है।’’
3 मिनट में मार गिराया लाइव सैटेलाइट : प्रधानमंत्री मोदी ने बताया, ‘‘कुछ ही समय पूर्व हमारे वैज्ञानिकों ने अंतरिक्ष (स्पेस) में 300 किमी दूर एलईओ एक लाइव सैटेलाइट को मार गिराया। लो आर्बिट में यह सैटेलाइट, जो कि एक पूर्व निर्धारित लक्ष्य था, उसे एंटी सैटेलाइट एसेट से मार गिराया गया। यह ऑपरेशन सिर्फ तीन मिनट में सफलतापूर्वक पूरा किया गया।’’

यह काफी कठिन ऑपरेशन था : पीएम मोदी ने कहा, ‘‘मिशन शक्ति नामक यह ऑपरेशन अत्यंत कठिन था, जिसमें उच्च कोटि की तकनीकी क्षमता की आवश्यकता थी। वैज्ञानिकों द्वारा सभी निर्धारित लक्ष्य और उद्देश्य प्राप्त कर लिए गए हैं। हम सभी भारतीयों के लिए गर्व की बात है कि यह मिशन भारत में विकसित एंटी सैटेलाइट के जरिए पूरा किया गया। सभी डीआरडीओ, अनुसंधानकर्ताओं को बधाई देता हूं। हमें अपने वैज्ञानिकों पर गर्व है।’’
इन क्षेत्रों को मिल रहा उपग्रहों से लाभ : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, ‘‘कृषि रक्षा सुरक्षा, आपदा प्रबंधन, संचार, टीवी, मौसम की जानकारियां, नेविगेशन, शिक्षा में ऐसे अनेक क्षेत्र हैं, जहां हमारे उपग्रहों का लाभ सभी को मिल रहा है। किसान, सुरक्षा बल, रेलवे, हवाई जहाज, पानी के जहाज सबको फायदा मिल रहा है। विश्व में स्पेस और सैटेलाइट का महत्व बढ़ता जा रहा है। शायद जीवन इसके बिना अधूरा हो जाएगा। इनकी सुरक्षा करना भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। आज की एंटी सैटेलाइट मिसाइल भारत की सुरक्षा और विकास यात्रा के दृष्टि से देश को नई मजबूती देगा।’’
यह क्षमता किसी के विरुद्ध नहीं : हमने जो नई क्षमता प्राप्त की है, लेकिन यह किसी के विरुद्ध नहीं है। भारत हमेशा से अंतरिक्ष में हथियारों की होड़ के खिलाफ रहा है। आज का यह परीक्षण किसी भी तरह से अंतरराष्ट्रीय कानून और संधि समझौतों का उल्लंघन नहीं करता है। देश के 130 करोड़ नागरिकों की सुरक्षा के लिए आधुनिक तकनीकी का प्रयोग करना चाहते हैं। इस क्षेत्र में शांति और सुरक्षा का माहौल बनाने के लिए भारत का मजबूत होना आवश्यक है।
शांति बनाए रखना हमारा काम : पीएम मोदी ने कहा, ‘‘हमारा काम शांति बनाए रखा है, न कि युद्ध का माहौल बनाना। इसका मूल उद्देश्य भारत की सुरक्षा, आर्थिक विकास और भारत की तकनीकी प्रगति है। आज का मिशन शक्ति अहम कदम है। आज की सफलता को आने वाले समय में एक सुरक्षित राष्ट्र, समृद्ध राष्ट्र के रूप में देखना चाहिए। यह महत्वपूर्ण कदम है। हमें भविष्य की चुनौतियों का सामना करने के लिए आधुनिक तकनीक को अपनाना ही होगा। सभी भारतवासी आत्मविश्वास से रहें और सुरक्षित महसूस करें। मुझे अपने लोगों की कर्मठता, प्रतिबद्धता और समर्पण पर पूर्ण विश्वास है।

