झारखंड के धनबाद में कांग्रेस प्रत्याशी कीर्ति आजाद का विरोध लगातार जारी है। ऐसे में सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आया है, जिसमें लोगों ने कीर्ति आजाद को काले झंडे दिखाए। इसके चलते आजाद के विरोधियों और समर्थकों ने फरसे निकाल लिए। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कांग्रेस ने कीर्ति आजाद को धनबाद से चुनावी मैदान में उतारा है, जिससे लोग नाराज हैं।
क्या है पूरा मामला: दरअसल पूर्व सांसद चंद्रशेखर दुबे का टिकट काटकर कीर्ति आजाद को कांग्रेस ने मौका दिया है। ऐसे में दुबे समर्थक जमकर विरोध कर रहे हैं। इसका एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें बताया जा रहा है कि शिबू सोरेन के घर पर महागठबंधन की बैठक चल रही थी। इसमें कीर्ति आजाद भी मौजूद थे। इस बीच चंद्रशेखर दुबे के समर्थक वहां पहुंचे और नारेबाजी करने लगे। ऐसे में कीर्ति आजाद के समर्थकों व विरोधियों ने फरसे भी निकाल लिए। वहीं, लोगों ने काले झंडे भी दिखाए।
National Hindi News, 17 April 2019 LIVE Updates: एक क्लिक में जानें बड़े अपडेट्स
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने किया विरोधियों का विरोध: कीर्ति आजाद के खिलाफ विरोध देख बैठक में मौजूद कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता भी बाहर आ गए और दुबे के विरोध में नारेबाजी करने लगे। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, दोनों ओर से बढ़ते विरोध को देख कुछ लोगों ने बीच-बचाव किया और मामले को शांत करवाया। वहीं, काला झंडा दिखाने और फरसा हवा में लहराने को लेकर कांग्रेस जिलाध्यक्ष मंजूर अंसारी का कहना है कि कुछ लोगों के विरोध से कांग्रेस का विजय रथ नहीं रुकेगा और धनबाद से कीर्ति आजाद का सांसद बनना तय है।
कीर्ति आजाद का क्या है कहना: बातचीत के दौरान कीर्ति आजाद ने कहा- ’20-25 लोगों के विरोध से लोकसभा चुनाव में कोई अंतर नहीं पड़ने वाला है। महागठबंधन का हर एक कार्यकर्ता हमारे साथ है। कुछ लोग बहकावे में आकर विरोध कर रहे हैं तो उन को भी समझाया जाएगा। हमारी जीत पक्की है।’