बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की मुखिया मायावती के गृह जनपद गौतम बुद्ध नगर लोकसभा सीट फिर से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के खाते में गई। वर्तमान सांसद महेश शर्मा ने यहां से करीब 3,36,922 के भारी अंतर से जीत दर्ज की है। डॉक्टर महेश शर्मा ने जीत का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व और सुशासन को दिया है। क्षेत्र की जनता का आभार व्यक्त करते हुए उन्होंने सभी वादों को पूरा करने का दावा किया है। दूसरे नंबर पर सपा, बसपा और रालोद गठबंधन के प्रत्याशी सतबीर नागर रहे।
सेक्टर-88 स्थित फूलमंडी में शुरू हुई मतगणना के पहले चरण से महेश शर्मा ने सभी को पीछे छोड़ते हुए बढ़त बनाने का सिलसिला जारी रखा। मतगणना चरणों की संख्या बढ़ने के साथ जीत का अंतर लगातार बढ़ता गया। मतगणना समाप्त होेने से पहले ही प्रत्याशियों के साथ समर्थक भी घरों की तरफ रवाना होने लगे। पहले चरण में ही भाजपा ने 16901 मतों की भारी बढ़त दर्ज की।
जीत का अंतर पांचों विधानसभा नोएडा, दादरी, जेवर, सिकंदराबाद और खुर्जा में बरकरार है। हालांकि, पूर्व मुख्यमंत्री और बसपा प्रमुख मायावती ने गौतम बुद्ध नगर सीट को अपनी झोली में डालने के लिए इस चुनाव में खुद को जिले की बेटी बताकर भावनात्मक पत्ता भी खेला था। ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क में हुई जनसभा में जबरदस्त भीड़ जुटी थी। भावनात्मक अपील और भीड़ देखकर गठबंधन की राह आसान दिख रही थी लेकिन मतगणना में यह दांव भी बे असर साबित हुआ।
1997 में गाजियाबाद और बुलंदशहर के कुछ भागों को मिलाकर गौतम बुद्ध नगर बनाया गया था। इस सीट पर पहला चुनाव 2009 में हुए, तब बसपा के सुरेंद्र सिंह नागर ने भाजपा के डॉक्टर महेश शर्मा को हराया था। 2014 में डॉक्टर शर्मा ने सपा के नरेंद्र भाटी को हराकर इस सीट पर कब्जा किया था। 2014 में भाजपा ने 2,80,212 के अंतर से जीत दर्ज की थी।