मुंबई नॉर्थ लोकसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी उर्मिला मातोंडकर के रोड शो के दौरान बीजेपी और कांग्रेस कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए। इस दौरान उनके बीच जमकर लात-घूंसे चले। बताया जा रहा है कि विवाद की शुरुआत ‘चौकीदार चोर है’ कहने पर हुई। बीजेपी कार्यकर्ताओं ने मोदी-मोदी के नारे लगाए तो मारपीट होने लगी।
भारत ने सोमवार (15 अप्रैल) को सब-सोनिक क्रूज मिसाइल का परीक्षण किया। यह परीक्षण ओडिशा के समुद्री तट से किया गया, जो सफल रहा। रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह क्रूज मिसाइल 1000 किलोमीटर तक निशाना साध सकती है।
जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिला स्थित नौशेरा सेक्टर में पाकिस्तान ने सोमवार सुबह (15 अप्रैल) संघर्ष विराम का उल्लंघन किया। ऐसे में भारतीय सेना ने जवाबी फायरिंग की।


राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत सोमवार को एक कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान उन्हें नींबू और मिर्च की माला पहनाई गई। बताया जा रहा है कि यह कार्यक्रम भीलवाड़ा में एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने आयोजित किया था।
जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग जिले में पीडीपी अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती के वाहनों के काफिले पर उस समय पथराव हुआ जब वह एक दरगाह से लौट रही थीं। अधिकारियों ने बताया कि महबूबा अनंतनाग जिले में खिराम की एक दरगाह में गई थी और बिजबेहरा लौट रही थी जब यह घटना हुई।
कांग्रेस नेता शशि थरूर के चोटिल होने की खबर है। बताया जा रहा है कि वे केरल स्थित एक मंदिर में पूजा के दौरान गिर गए और उन्हें चोट लग गई। रिपोर्ट के मुताबिक, उन्हें 6 टांके लगे हैं।
ओडिशा के खुर्दा शहर में अज्ञात बदमाशों ने एक स्थानीय भाजपा नेता की गोली मारकर हत्या कर दी जिसके बाद भगवा पार्टी ने प्रदर्शन किया। पुलिस ने सोमवार को बताया कि मृतक की पहचान खुर्दा जोन-9 के भाजपा मंडल अध्यक्ष मंगुली जेना के रूप में हुई है। यह घटना रविवार मध्यरात्रि को हुई जब जेना खुर्दा विधानसभा सीट के भाजपा उम्मीदवार कालू चरण खांडयात के मकान के नजदीक खड़े थे और पार्टी के कार्यकर्ताओं से चर्चा कर रहे थे।
श्रीनगर हवाई अड्डे पर रविवार को हुर्रियत के एक नेता को कथित तौर पर 14 लाख रुपए से अधिक की बगैर लेखा-जोखा वाली नगदी ले जाते समय हिरासत में ले लिया गया। अधिकारियों ने बताया कि 14.38 लाख रुपए नकदी के साथ दिल्ली से यहां आने के बाद श्रीनगर पुलिस ने जानेमाने शिया नेता आगा सैयद हसन मौसवी को कुछ देर के लिए हिरासत में लिया गया।
बैसाखी के अवसर पर भारत और चीन की सेना के बीच रविवार को जम्मू-कश्मीर के पूर्वी लद्दाख में सीमाकर्मियों की बैठक (बीपीएम) हुई। रक्षा प्रवक्ता ने यह जानकारी दी। इस बैठक के बाद एक औपचारिक संबोधन हुआ, जिसमें अभिवादन, शुभकामनाएं और धन्यवाद का आदान-प्रदान किया गया। उन्होंने कहा, "बैसाखी महोत्सव के अवसर पर आज पूर्वी लद्दाख में भारतीय बीपीएम शिविरों के चुशुल-मोल्दो और डीबीओ-टीडबल्यू बैठक स्थलों पर सीमा र्किमयों की बैठक (बीपीएम) का आयोजन किया गया।"
जलियांवाला बाग कांड के 100 साल पूरा होने के अवसर पर एक सरकारी कार्यक्रम में पंजाब के मुख्यमंत्री के हिस्सा नहीं लेने के मुद्दे पर रविवार को सोशल मीडिया पर अमरिंदर सिंह और केन्द्रीय मंत्री हरसिमरत कौर बादल के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर चला। केन्द्र ने शनिवार को अमृतसर में कार्यक्रम का आयोजन किया था और इसमें उप राष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू शामिल हुए थे। अमरिंदर सिंह ने आरोप लगाया था कि केन्द्र सरकार ने राज्य सरकार की पहल और कार्यक्रमों का समर्थन करने की बजाय जानबूझ कर एक ‘सामानांतर कार्यक्रम’ आयोजित करने का निर्णय लिया।
झारखंड के गिरिडीह जिले में सोमवार को एक मुठभेड़ में तीन माओवादी ढेर हो गए और सीआरपीएफ का एक जवान शहीद हो गया। अधिकारियों ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच जिले के बेलवा घाट इलाके के जंगलों में सुबह करीब छह बजे उस समय मुठभेड़ हुई, जब केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की सातवीं बटालियन के जवान अभियान चला रहे थे। यह जिला राजधानी रांची से करीब 185 किलोमीटर दूर है।
मुजफ्फरनगर जिले के ककरौली इलाके में गन्ने के एक खेत में 22 वर्षीय एक युवती के साथ उसकी मां के सामने दो युवकों ने कथित तौर पर बलात्कार किया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
घटना रविवार की है। उस वक्त युवती अपनी मां के साथ ककरौली थाना क्षेत्र में दवाई खरीदने गई थी।
महाराष्ट्र के औरंगाबाद में 56 वर्षीय वरिष्ठ पत्रकार ने रविवार (14 अप्रैल) को अपने घर पर कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने यह जानकारी दी। एक अधिकारी ने कहा कि पत्रकार सुंदर विलास लतपते दोपहर के समय पुंडलिक नगर में अपने घर में फंदे पर लटके मिले। उन्हें स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। अधिकारी ने कहा कि पुलिस ने लतपते द्वारा लिखा एक कथित सुसाइड नोट बरामद किया गया है। इसमें कहा गया कि उनकी पत्नी उनके साथ नहीं रह रही है, इसलिए वह अपनी जिंदगी खत्म कर रहे हैं।
झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर कस्बे में भीमराव आंबेडकर की एक प्रतिमा आंशिक तौर पर क्षतिग्रस्त पाई गई। एक पुलिस अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।
शनिवार रात चक्रधरपुर में रेलवे स्कूल मैदान में लोगों ने क्षतिग्रस्त प्रतिमा देखी, जिसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचित किया। एसडीपीओ आनंद मोहन सिंह ने कहा कि कुछ उपद्रवियों ने प्रतिमा के चेहरे का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त कर दिया है।
महाराष्ट्र के अहमदनगर जिले की सत्था कॉलोनी में रविवार शाम (14 अप्रैल) एक निर्माणाधीन मकान की दीवार गिरने से तीन मजदूरों की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि यह हादसा शाम 5 बजकर 15 मिनट के आसपास हुआ।
हैदराबाद के माधापुर इलाके में एक निजी प्री-स्कूल की दो महिला सहायिकाओं पर साढ़े तीन साल की एक बच्ची का कथित यौन उत्पीड़न करने का आरोप लगा है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। बीते 10 अप्रैल को बच्ची की मां की ओर से दर्ज कराई गई शिकायत के मुताबिक, महिला सहायिकाओं ने उसकी बेटी के गुप्तांगों में पत्थर ठूंस डाले। पुलिस ने बताया कि पॉक्सो कानून की धाराओं में केस दर्ज किया गया है। पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए भेजा गया था। शुरुआती रिपोर्ट के आधार पर पुलिस का कहना है कि यौन हमले के कोई सबूत नहीं हैं।