Lok Sabha Election 2019: नेशनल कान्फ्रेंस (एनसी) उम्मीदवार मोहम्मद अकबर लोन ने एक बार फिर विवादित बयान दिया है। अकबर लोन ने एक सभा को संबोधित करते हुए कहा- पाकिस्तान आबाद रहे, वो कामयाब रहे। अगर कोई पाकिस्तान को एक गाली देगा तो मैं उसको यहां से दस गालियां दे दूंगा।
क्या है अकबर लोन का पूरा बयान: बता दें कि अनंतनाग सीट से उम्मीदवार अकबर लोन ने कुपवाड़ा में जनता को संबोधित किया। अपने संबोधन में अकबर लोन ने कहा- मेरे पार वाला वो मुसलमान मुल्क(पाकिस्तान) है, वो आबाद रहे, वो कामयाब रहे। हमारी और उनकी दोस्ती बढ़े। पाकिस्तान और हिंदुस्तान की दोस्ती आपस में रहे, उस दोस्ती का मैं आशिक हूं। अगर उनको कोई एक गाली देगा तो मैं उनको यहां से दस गालियां दे दूंगा।
भाजपा और पीडीपी पर किया हमला: भाजपा और पीडीपी पर हमला करते हुए अकबर लोन ने कहा- पीडीपी (पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी ) और भाजपा (भारतीय जनता पार्टी) ने जनता से कई झूठे वादे किए और जनता को गुमराह किया। लेकिन अब वक्त आ चुका है जब आप अपने वोट का सही इस्तेमाल कर सही नेता को चुन सकते हैं।
असेंबली में लगाए पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे: अपने संबोधन में अकबर लोन ने यह भी स्वीकार किया कि असेंबली में पाकिस्तान के खिलाफ नारे लगाए गए थे तब उन्होंने पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगाए थे।
पहले भी दे चुके हैं विवादित बयान: गौरतलब है कि यह पहली बार नहीं है जब अकबर लोन ने विवादित बयान दिया हो इससे पहले भी कई बार ऐसे ही बयान दे चुके हैं। बता दें कि हाल ही में लोन ने कहा था कि चीन ने यूएन में मसूद अजहर का बचाव किया जिसकी तारीफ की जानी चाहिए। चीन ने ऐसा करके भारत को अपनी ताकत का एहसास कराया है। वहीं इस बयान के पहले भी अकबर लोन कई बार विवादित बयान दे चुके हैं।
