Madhya Pradesh Assembly Election Results: मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव में एक बार फिर शिवराज सिंह चौहान ने रिकॉर्ड तोड़ दिया है। बुधनी सीट से 70 प्रतिशत वोटों से विजयी हुए हैं। उन्होंने कांग्रेस के विक्रम मस्तान को मात दी है। दोनों के वोटों का अंतर 104, 974 वोट है। सीहोर जिले के बुधनी निर्वाचन में मुकाबला दिलचस्प माना जा गया था, क्योंकि यहां से बीजेपी के प्रत्याशी सीएम शिवराज सिंह चौहान हैं। वह चौथी बार बुधनी से चुनावी मैदान में हैं और इस बार भी उन्होंने विजय का पताका लहरा दिया है। कांग्रेस से उनका सामना अभिनेता विक्रम मस्तान कर रहे हैं।
क्या है बुधनी सीट के समीकरण?
बुधनी विधानसभा क्षेत्र मध्य प्रदेश के सीहोर जिले में मौजूद है और इसे मुख्यमंत्री शिवराज सिंह का गढ़ कहा जाता है। बुधनी विधानसभा में मतदाताओं की कुल संख्या लगभग 268,400 है, जिनमें 139,300 पुरुष, 129,100 महिलाएं और 7 अन्य जेंडर के हैं। अगर बात करें इस सीट के समीकरण लगभग 40,000 आदिवासी, 30,000 एससी, 40,000 किरार, 14,000 मुस्लिम, 40,000 सामान्य जाति, 25,000 यादव, 15,000 किरदामा और 42,000 अन्य पिछड़ा वर्ग के मतदाता शामिल हैं।
बुधनी विधानसभा सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (BJP) का गढ़ माना जाता है। शिवराज सिंह चौहान, 1990 से और फिर 2006 से इस निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। 2018 के चुनावों में चौहान ने वरिष्ठ कांग्रेस नेता अरुण यादव को हराकर 58,999 वोटों के अंतर से जीत हासिल की थी।
क्या रहे हैं मुद्दे?
बुधनी विधानसभा में चर्चित रहे चुनावी मुद्दों में बीजेपी ने देवलोक सलकनपुर, नर्मदा सीप लिंक और एक मेडिकल कॉलेज की स्थापना को लोगों के सामने रखा है। इसके अलावा तीसरी रेलवे लाइन के बिछाए जाने पर भी खासी चर्चा हुई। इसके अलावा कांग्रेस ने शिवराज सरकार को करप्शन के मुद्दों पर घेरने की कोशिश की थी।
शिवराज सिंह चौहान
बुधनी विधानसभा से वर्तमान विधायक शिवराज सिंह चौहान ने भाजपा के भीतर संगठन मंत्री, राज्य महासचिव और युवा मोर्चा के अध्यक्ष सहित विभिन्न पदों पर काम किया है। वह 1990 में बुधनी से विधायक चुने गए थे और 2005 से राज्य के मुख्यमंत्री हैं। शिवराज सिंह चौहान मध्य प्रदेश के इतिहास में सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री रहने वाले मुख्यमंत्री हैं। उनके कार्यकाल में इस क्षेत्र से लगभग एक दर्जन मंत्री बनाये गये, जो अपने आप में एक रिकार्ड है. बुधनी विदिशा लोकसभा क्षेत्र का हिस्सा है और इसका प्रतिनिधित्व अतीत में कांग्रेस के राजकुमार पटेल और भाजपा की दिवंगत सुषमा स्वराज जैसे वरिष्ठ नेता कर चुके हैं।