मध्य प्रदेश में बहुजन समाज पार्टी (BSP) ने 17 नवंबर को होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए 31 उम्मीदवारों की अपनी चौथी सूची जारी कर दी है। मायावती की अगुवाई वाली बसपा 230 सदस्यीय मध्य प्रदेश विधानसभा के चुनावों के लिए अभी तक 74 उम्मीदवारों के नाम घोषित कर चुकी है। पार्टी के एक पदाधिकारी ने बताया कि चौथी सूची में बसपा ने छतरपुर, शिवपुरी, सागर, रीवा, सिंगरौली, कटनी, जबलपुर, नर्मदापुरम, खंडवा, राजगढ़, रायसेन, खरगोन, धार, अलीराजपुर, देवास, इंदौर, झाबुआ, नीमच, रतलाम, उज्जैन और शाजापुर जिलों के तहत आने वाली विधानसभा सीटों के लिए उम्मीदवार घोषित किए हैं।

BSP ने 2018 के विधानसभा चुनाव में मध्य प्रदेश में दो सीटें जीती थीं

पार्टी ने 2018 के विधानसभा चुनाव में मध्य प्रदेश में दो सीटें जीती थीं। हालांकि, बाद में उसका एक विधायक सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल हो गया था। बसपा की इकलौती विधायक रामबाई सिंह परिहार दमोह जिले की पथरिया सीट से एक बार फिर किस्मत आजमाएंगी। बसपा ने पहले जारी एक सूची में उनके नाम की घोषणा की थी।

बसपा और गोंडवाना गणतंत्र पार्टी साथ-साथ लड़ेंगे चुनाव

बसपा और गोंडवाना गणतंत्र पार्टी (GGP) ने विधानसभा चुनाव के लिए गठबंधन की घोषणा की है, जिसके तहत बसपा की 178 सीटों, जबकि जीजीपी की 52 सीटों पर उम्मीदवार उतारने की योजना है।

जीजीपी का करीब तीन दशक पहले तत्कालीन अविभाजित मध्य प्रदेश में एक आदिवासी संगठन के रूप में गठन किया गया था। उसने 1998 में एक विधानसभा सीट जीती थी। 2003 में उसे तीन विधानसभा सीटें हासिल हुई थीं, जो राज्य विधानसभा चुनाव में अब तक उसका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। पार्टी इसके बाद कोई भी सीट जीतने में नाकाम रही है।

इससे पहले कांग्रेस ने अगले माह होने वाले मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए 144 उम्मीदवारों के नामों की पहली सूची रविवार को जारी की जिसमें 69 निवर्तमान विधायकों को शामिल किया गया है। कांग्रेस की मध्य प्रदेश इकाई के अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ को उनके गृह क्षेत्र छिंदवाड़ा से चुनाव मैदान में उतारा गया है, जहां से वह वर्तमान में विधायक हैं।