विधानसभा चुनावों को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ताबतोड़ रैली करते हुए शुक्रवार को मध्यप्रदेश के शहडोल और ग्वालियर में चुनावी सभाएं की। मध्यप्रदेश के ग्वालियर में पीएम मोदी ने कांग्रेस के गुना से सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया का नाम लिए बिना उन पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि, आज मैं कांग्रेस में राजनीति कर रहे उनके वंशजों से पूछना चाहता हूं कि आपातकाल के समय उनकी दादी को जेल में डाल दिया गया, उन्हें प्रताड़ित किया गया था। क्या कांग्रेस के नेता अपनी पार्टी से इस बारे में सवाल कर सकते हैं?’ मोदी ने राहुल पर तंज कसते हुए कहा कि, जिस पार्टी का मुखिया मुख्यमंत्री का नाम तय नहीं कर पा रहा है, वह आपका विकास क्या करेगा।

राजमाता का नाम लेकर दिलाई आपातकाल की याद
प्रधानमंत्री मोदी ने राजमाता को याद करते हुए कहा कि, आपातकाल को हम कैसे भूल सकते हैं। मैं कांग्रेस वालों से पूछना चाहता हूं, राजमाता के परिवार के जो लोग कांग्रेस में हैं उनसे भी पूछना चाहता हूं कि आपातकाल के वक्त कांग्रेस ने राजमाता को किस जुर्म के तहत 19 महीने जेल में कैद किया गया था। आप में हिम्मत है, अपनी पार्टी के कर्ताधर्ताओं से पूछो की आपकी दादी को क्यों जेल में यातना दी गई। अगर वो निर्दोष थी तो कांग्रेस ने ये पाप क्यों किया था?

कांग्रेस के 55 साल और हमारे 15 साल
पीएम मोदी ने कांग्रेस पार्टी पर हमला बोलते हुए कहा कि, कांग्रेस आठ-आठ मुख्यमंत्री लेकर घूम रही है। कांग्रेस प्रदेश की जनता को बेवकूफ बना रही है। उन्होंने कहा कि, जिस पार्टी का मुखिया मुख्यमंत्री का नाम तय नहीं कर पा रहा है, वह आपका विकास क्या करेगा। उन्होंने कहा कि, कांग्रेस बताये कि उनकी तरफ से मुख्यमंत्री कौन होगा।म इतिहास गवाह है कि, कांग्रेस ने यहां 55 साल और भाजपा ने 15 साल शासन किया। कांग्रेस को चुनौती देते हुए उन्होंने कहा, 55 सालों में कांग्रेस ने जो दिया उससे ज्यादा हमने राज्य को 15 सालों में दिया है।

टीवी पर आने वाले एक बाबा से की तुलना
नरेंद्र मोदी ने कहा, “कांग्रेस का कल्चर समझिए, बोलने में क्या जाता है। आना तो है नहीं। आपने टीवी पर एक बाबा को देखा होगा। वह कहते हैं पकौड़े खाए थे, पकौड़े खाओ कृपा हो जाएगी। आपने क्या किया, दूध पीते हो या नहीं। दूध पीना शुरू कर दीजिए कृपा हो जाएगी। कांग्रेस भी ऐसे ही वादा करती है। उसे कहने में कुछ नहीं जाता है। वह अपने वादों को कभी पूरा नहीं कर पाई।”

 

 

नरेंद्र मोदी ने मध्यप्रदेश के शहडोल में कि, 2022 तक हिन्दुस्तान में एक भी परिवार को बिना घर के नहीं रहने देंगे, हर परिवार का अपना घर होगा। उन्होंने कहा कि मुझे भी पाई-पाई का हिसाब देना चाहिए ना? एक ही परिवार की चार पीढ़ियों ने देश को क्या दिया और एक चाय वाले ने चार साल में क्या दिया? इसका सबको पता चलना चाहिए। जिस कांग्रेस पार्टी ने कभी गरीबी नहीं देखी, कभी गरीबों का दर्द नहीं समझा और देश से गरीबी हटाने के बजाए हमेशा गरीबों को ही हटाने के लिए कार्य किए, वह कांग्रेस पार्टी आज गरीबों की बात कर रही है। गौरतलब है कि एमपी में 28 नवंबर को पहले चरण का मतदान शुरू होगा और राज्य में विधानसभा चुनावों के लिए 11 दिसंबर को नतीजे आएंगे।