आम चुनाव के अंतिम आंकड़ों ने दिल्ली की नई तस्वीर सामने रख दी है। पिछली बार की तुलना में नोटा और जमानत जब्त होने वाले उम्मीदवारों की संख्या में भारी बढ़ोतरी दर्ज हुई है। कई उम्मीदवारों को तो नोटा से भी कम वोट मिले। इस बार 100 उम्मीदवार ऐसे रहे जो एक हजार वोट भी नहीं पा सके। 2014 के आम चुनाव में 133 उम्मीदवारों की जमानत जब्त हो गई थी इस बार दिल्ली में 148 उम्मीदवारों की जमानत जब्त हुई है।

दिल्ली में सबसे बड़ी जीत का रेकॉर्ड पूर्व मुख्यमंत्री साहिब सिंह वर्मा के बेटे प्रवेश सिंह वर्मा के नाम रहा। पश्चिमी दिल्ली से भाजपा उम्मीदवार वर्मा ने न सिर्फ इस पूरे चुनाव में सर्वाधिक वोट हासिल किए हैं बल्कि उन्होंने सबसे बड़े अंतर से अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी को मात भी दी। वर्मा को 8.65 लाख वोट मिले हैं। इन्होंने 578486 वोट के अंतर से कांग्रेस के महाबल मिश्रा को हराया। इस बार 15235 वोट डाक के माध्यम से डाले गए।

पिछली बार यह आंकड़ा दस हजार को भी पार नहीं कर सका था। पश्चिम दिल्ली लोकसभा सीट पर सर्वाधिक 4514, उत्तर-पूर्व में 3429 मत डाक से पड़े। उत्तर-पश्चिमी दिल्ली में सबसे कम 1120 डाक वोट पड़े। उपरोक्त में से कोई नहीं (नोटा) श्रेणी के तहत डाले गए वोट कुल वोटों का 0.53 फीसद है। इस बार नोटा में सात गुना ज्यादा बढ़ोतरी हुई है। दिल्ली में पिछली बार की तुलना में 6200 लोगों ने अधिक करीब 45000 लोगों ने नोटा चुना। उत्तरी पश्चिम (आरक्षित) सीट पर सबसे अधिक 10210 नोटा वोट डाले गए। पश्चिम दिल्ली में नोटा के तहत 8937, चांदनी चौक में 5133, पूर्वी दिल्ली में 4920 और दक्षिण दिल्ली में 5264 वोट पड़े।

ज्यादातर की जमानत जब्त
जमानत न बचा पाने में आप, बसपा समेत कई राजनीतिक दल शामिल हैं। उत्तर-पूर्वी दिल्ली में 24 में से 22 की जमानत जब्त हो गई। ‘आप’ के उम्मीदवार दिलीप पांडेय भी अपनी जमानत नहीं बचा पाए। पूर्वी दिल्ली पर 26 में 24 की, उत्तर-पश्चिमी सीट पर 11 में से आठ की जमानत जब्त हो गई। इस सीट पर कांग्रेस उम्मीदवार राजेश लिलोठिया जैसे-तैसे अपनी जमानत बचा पाए। उन्हें 16.89 फीसद (236803) मत मिले। चांदनी चौक में बसपा उम्मीदवार को महज 8855 मत मिले। इसी तरह राष्ट्रीय राष्ट्रवादी पार्टी को नोटा 5036 से भी कम 1401 मत मिले। पूर्वी दिल्ली सीट पर बसपा उम्मीदवार को 19090 मत मिले। नई दिल्ली में 28 में 25 की जमानत जब्त हो गई है। उत्तर-पूर्वी सीट पर कई दलों को 200-500 के बीच वोट मिला।