जिमी लीवोन
मणिपुर की कुल 60 सीटों के लिए दो चरणों में मतदान होंगे। जिसमें पहला चरण 27 फरवरी और दूसरे चरण की वोटिंग 3 मार्च को होगी। बता दें कि मणिपुर में चुनावी माहौल के बीच के मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह के दामाद आर के इमो सिंह की संपत्ति की काफी चर्चा है।
जानिए कितनी है संपत्ति: दरअसल इमो सिंह द्वारा चुनाव आयोग को दिए हलफनामे के अनुसार उनकी संपत्ति 5 करोड़ रुपये से अधिक है। यह सीएम बीरेन सिंह की संपत्ति से लगभग पांच गुना अधिक है। बता दें कि मणिपुर में चुनाव लड़ने वाले सबसे अमीर उम्मीदवार आर के इमो के पास 5 करोड़ 10 लाख 94 हजार 917 रुपये की संपत्ति है, जबकि बीरेन सिंह की कुल संपत्ति 1 करोड़ 08 लाख 46 हजार 392 रुपये है।
इमो सिंह के पास 1 करोड़ 14 लाख 37 हजार 779 रुपये की चल संपत्ति है। जिसमें 2 लाख 16 हजार 400 रुपये कैश और 7 बैंक खातों में 37 लाख रुपये शामिल हैं। सिंह के पास तीन वाहन हैं। जिनमें 6.5 लाख की मारुति जिप्सी, 16,68,905 रुपये की महिंद्रा स्कॉर्पियो और 18,38,688 रुपये की हार्ले डेविडसन बाइक शामिल है। उनके पास एक बन्दूक और एक पिस्तौल भी है।
पत्नी के पास संपत्ति: इमो की पत्नी अंजुबाला नोंगथोंगबाम और बीरेन सिंह की सबसे बड़ी बेटी के पास 2 करोड़ 13 लाख 20 हजार 021 रुपये की संपत्ति है। वहीं सगोलबंद विधायक के पास 3 करोड़ 96 लाख 57 हजार 138 रुपये की अचल संपत्ति है। जिसमें 15 लाख रुपये की स्व-अर्जित संपत्ति, 1 करोड़ 37 लाख 07 हजार 137 रुपये की विरासत में मिली संपत्ति और 2 करोड़ 44 लाख 50 हजार 001 रुपये की इमारतें शामिल हैं। उन पर बैंकों से कर्ज के रूप में 44 लाख 36 हजार 391 रुपये की देनदारी है।
हलफनामे के मुताबिक उनपर कोई आपराधिक मामला लंबित नहीं है। हलफनामों में इमो सिंह ने अपनी आय का स्रोत विधायक के रूप में वेतन और एफडीआर से मिलने वाले ब्याज व अन्य बताया हैं।
बता दें कि आर के इमो सिंह राजीव गांधी के प्रधानमंत्री रहने के दौरान मणिपुर से पहले केंद्रीय मंत्री राजकुमार जयचंद्र सिंह के सबसे बड़े बेटे हैं। पिछले साल इमो सिंह ने कांग्रेस छोड़ भाजपा का दामन थाम लिया था। दरअसल मणिपुर कांग्रेस ने उन्हें अनुशासनात्मक मामले को लेकर पार्टी से निष्कासित कर दिया था।
