Haryana, Maharashtra Vidhan Sabha Election/Chunav Result 2019: महाराष्ट्र व हरियाणा विस चुनाव के नतीजे गुरुवार को आ चुके हैं। चुनाव आयोग (EC) के आंकड़ों के अनुसार, महाराष्ट्र में बीजेपी को 105, शिवसेना को 56, NCP को 54, INC को 44 और MNS को 1 सीट हासिल हुई।
बता दें कि महाराष्ट्र में बीजेपी और शिवसेना ने मिल कर चुनाव लड़ा और वे दोनों मिलकर सरकार बनाएंगी। वहीं, 90 सीटों वाले हरियाणा में BJP को 40 सीटें मिली हैं, जबकि Congress को 31 सीटें हासिल हुईं। वहीं, दुष्यंत चौटाला की JJP को 10 और अन्य को भी 10 सीटें मिलीं।
यहां देखें नतीजे – हरियाणा विधानसभा चुनाव परिणाम 2019 | महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव परिणाम 2019
हालांकि, दोनों ही सूबों के नतीजे भाजपा के लिए सबक माने जा रहे हैं। दरअसल, महाराष्ट्र में भाजपा शिवसेना के साथ मिलकर स्पष्ट बहुमत पाने में सफल रही, लेकिन हरियाणा में पार्टी बहुमत पाने के लिए जेजेपी पर निर्भर रही।
भाजपा शायद अति-आत्मविश्वास का शिकार हो गई। हरियाणा में भाजपा ने 75 पार का नारा दिया था, लेकिन चुनाव नतीजों में वह बुरी तरह से धराशायी हो गया। विपक्ष को महसूस हो रहा था कि अगर उन्होंने और बेहतर रणनीति बनाई होती और जनता के बीच पहुंचकर ज्यादा चुनाव प्रचार किया होता तो परिणाम बदल भी सकते थे।
By-Election Results 2019 Updates: यूपी-बिहार समेत 17 राज्यों के By-Election Results
Highlights
एआईएमआईएम चीफ असदुद्दीन ओवैसी ने हरियाणा के नतीजों को लेकर भाजपा पर निशाना साधा है। ओवैसी ने कहा कि भाजपा का दावा था कि महाराष्ट्र में वह क्लीन स्वीप करेगी, लेकिन उन्हें मनमुताबिक नतीजे नहीं मिले। मेरे हिसाब से भाजपा हरियाणा में हारी है। भाजपा को अब ध्रुवीकरण की राजनीति छोड़ अर्थव्यवस्था और ग्रामीण विकास पर ध्यान देना चाहिए।
रानिया विधानसभा सीट से चुनाव जीते निर्दलीय विधायक रंजीत सिंह ने भाजपा को समर्थन देने का ऐलान किया है। रंजीत सिंह ने हरियाणा लोकहित पार्टी के नेता गोबिंद कांडा को चुनाव में हराया है।
ओवैसी ने भाजपा पर साधा निशाना
पीएम मोदी ने कहा कि देवेंद्र फडणवीस और मनोहर लाल खट्टर जी दोनों पहली बार सीएम बने थे, इससे पहले उन्हें मंत्री पद का भी अनुभव नहीं था। 5 साल दोनों ने लोगों और उनके कल्याण के लिए काम किया। उसी का नतीजा है कि लोगों ने उनमें विश्वास दिखाया है।
पीएम मोदी दिल्ली में भाजपा मुख्यालय पहुंचे हैं। वहां पार्टी अध्यक्ष अमित शाह ने उनका स्वागत किया। इस दौरान केन्द्रीय मंत्री नितिन गडकरी और राजनाथ सिंह भी मौजूद रहे।
जींद की पांच विधानसभा सीटों में से तीन पर दुष्यंत चौटाला की जननायक जनता पार्टी (जजपा) के, एक भाजपा और एक कांग्रेस के खाते में गई। पिछले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को जिले की सभी पांचों सीटों पर हार का मुंह देखना पड़ा था।
जींद जिला की पांचों विधानसभा सीटों के नतीजे चौंकाने वाले रहे। हारने वालों में मुख्य रूप से उचाना विधानसभा सीट से राज्यसभा सांसद बीरेन्द्र सिंह की पत्नी और भाजपा प्रत्याशी प्रेमलता, जुलाना से भाजपा के परमेन्द्र ढुल व जींद से पूर्व मंत्री मांगे राम गुप्ता के बेटे जजपा प्रत्याशी महाबीर गुप्ता तथा सफीदों से भाजपा के पूर्व मंत्री बच्चन सिंह आर्य रहे।
हरियाणा के पूर्व कांग्रेस चीफ अशोक तंवर ने कहा है कि JJP नेता दुष्यंत चौटाला सूबे के अगले मुख्यमंत्री होंगे। तंवर का यह बयान तब आया, जब वोटों की गिनती जारी थी और पूरे नतीजे नहीं आए थे। समाचार एजेंसी ANI से बातचीत में उन्होंने कहा- हरियाणावासियों ने बीजेपी और कांग्रेस को नकार दिया है और ये दोनों ही दल चौटाला को मुख्यमंत्री बनाने के लिए समर्थन देने को राजी हैं।
बकौल तंवर, "हो सकता है कि मुख्यमंत्री जेजेपी से हो...दोनों ही दलों को चौटाला को सीएम बनाने के लिए मदद करनी चाहिए। अब यह कांग्रेस और बीजेपी पर है कि आखिर वे किसे समर्थन देती हैं।" यही नहीं अशोक तंवर ने चौटाला को अपना छोटा भाई बताया और कहा- हमारे बीच का यह रिश्ता 'लेन-देन' वाला नहीं है।
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फणडवीस ने कहा है कि जनता ने हमें स्पष्ट बहुमत दिया है। महाराष्ट्र की जनता का आभार प्रकट करता हूं। पीएम मोदी और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के नेतृत्व में हमें यह जीत हासिल हुई है।
शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे ने महाराष्ट्र विधानसभा में पार्टी के प्रदर्शन पर खुशी जताई है। उन्होंने कहा है कि फॉर्मूला तय होने के बाद ही दावा पेश करेंगे। मैं किसी भी दबाव में झुका नहीं। जनादेश सबकी आखें खोलने वाला है। कौन सीएम होगा यह अहम होगा। कांग्रेस-एनसीपी से गठबंधन नहीं करेंगे। जनता का आशीर्वाद दोबारा मिला। 50-50 फॉर्मुले पर पर शिवसेन नहीं झुकेगी।
सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग उर्फ पीएस गोले ने पोकलोक कामरंग विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में 8,953 मतों से जीत हासिल की है। वहीं, सिक्किम क्रांतिकारी मोर्चा (एसकेएम) की सहयोगी भाजपा ने राज्य में पहली बार अपना खाता खोलते हुए दो सीटों पर जीत दर्ज की। इस साल हुए विधानसभा चुनाव में पूर्व मुख्यमंत्री पवन कुमार चामलिंग ने दो सीटों पर जीत दर्ज की थी जिसके बाद उन्होंने पोकलोक सीट छोड़ दी थी। इस वजह से इस सीट पर उपचुनाव कराने की जरूरत पड़ी।
हरियाणा सरकार में मंत्री और बीजेपी नेता अनिल विज ने अंबाला कैंट से जीत हासिल की है। चुनाव आयोग के मुताबिक उन्होंने 20,165 वोटों के अंतर से जीत हासिल की है।
महाराष्ट्र और हरियाणा के विधानसभा चुनाव में बीजेपी का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा। रुझानों में अबतक महाराष्ट्र में बीजेपी 288 सीटों में 99 सीटों पर आगे चल रही है तो वहीं हरियाणा में 90 सीटों में से 38 पर आगे चल रही है। हरियाणा में पार्टी ने 75 से ज्यादा सीटें जीतने का लक्ष्या रखा था। बहरहाल बीजेपी के खराब प्रदर्शन पर मोदी सरकार में मंत्री रामदास अठावले ने कहा मंदी और बेरोजगारी को जिम्मेदार बताया है। उन्होंने कहा कि हमें इस चुनाव में नुकसान जरूर हुआ है, लेकिन हम वापसी करेंगे। बीजेपी शिवसेना इसबार गठबंधन के तहत चुनाव लड़ी उम्मीद जताई जा रही थी कि दोनों 220 सीटों पर जीत हासिल करेंगे लेकिन रुझानों में ऐसा नहीं दिख रहा। इसके पीछे मंदी और बेरोजगारी का मुद्दा है। हमारी सरकार इसपर गंभीरता से विचार करेगी।
हरियाणा के रुझान परिणाम में बदलते हैं तो भाजपा को अपने दम पर सरकार बनाने में मुश्किल हो सकती है। यहां उसे कांग्रेस से कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि दोनों में से किसी भी पार्टी को स्पष्ट बहुमत मिलता नजर नहीं आ रहा। तीन बजे के अपडेट के मुताबिक भाजपा 40 सीटों पर आगे है जबकि पिछले चुनाव में पार्टी ने 48 सीटों पर जीत दर्ज की थी। अभी कांग्रेस 32 सीटों पर आगे है और जेजेपी उम्मीदवार भी 10 सीटों पर आगे हैं। 8 सीटों पर निर्दलीय उम्मीदवार आगे हैं। बता दें कि हरियाणा में भाजपा के कई केबिनेट मिनिस्टर चुनाव हार गए हैं।
असम में विधानसभा की चार सीटों पर हुए उपचुनाव की मतगणना में सत्तारूढ़ भाजपा फिलहाल तीन सीटों पर बढ़त लिए हुए है। रंगापाड़ा सीट पर भाजपा के राजेन बरठाकुर अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस के कार्तिक कुर्मी से 19,965 मतों से आगे चल रहे हैं। वहीं राताबाड़ी सीट पर भाजपा के बिजय मालाकार ने कांग्रेस के केशब प्रसाद रजक पर 4,501 मतों से बढ़त बनाई हुई है। ताजा रुझानों के मुताबिक बरठाकुर को 28,437 मत मिले हैं जबकि कुर्मी ने 8,472 मत हासिल किए हैं।
हरियाणा की मनोहर लाल खट्टर सरकार में वित्तमंत्री कैप्टन अभिमन्यू चुनाव हार गए हैं। इसी बीच कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सिंह सुरजेवाला भी कैथल से चुनाव हार गए हैं।
हरियाणा की मनोहर लाल खट्टर सरकार में वित्तमंत्री कैप्टन अभिमन्यू चुनाव हार गए हैं। इसी बीच कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सिंह सुरजेवाला भी चुनाव हार गए हैं।
हिंदी न्यूज चैनल एबीपी के रुझान के मुताबिक हरियाणा में कांग्रेस ने 35 सीटों पर बढ़त बना ली है जबकि भाजपा भी 35 सीटों पर आगे हैं। इसी बीच दुष्यंत कुमार चौटाला की जेजेएम ने भी 10 सीटों पर बढ़त बना ली है। दस निर्दलीय उम्मीदवार भी आगे चल रहे हैं। महाराष्ट्र के रुझानों की बात करें तो भाजपा अभी 102 सीटों पर आगे है जबकि शिवसेना ने 61 सीटों पर बढ़त बनाई है। कांग्रेस 41 सीटों पर आगे हैं और एनसीपी ने 54 सीटों पर बढ़त बरकरार रखी है। 30 निर्दलीय उम्मीदवार भी आगे चल रहे हैं।
महाराष्ट्र में बीजेपी को 100 के करीब सीटें मिलती दिखाई दे रही हैं। बता दें कि 21 अक्टूबर को हुए मतदान में यहां 60.5 फीसदी वोट पड़े थे। ये नतीजे मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस का कद तय करेंगे। अगर राज्य में बीजेपी को पिछली बार से ज्यादा सीटें आईं तो फडणवीस का कद बढ़ेगा। हालांकि सहयोगी शिवसेना पार्टी को आंख दिखाना शुरू कर दिया है। पार्टी नेता संजय राउत ने मांग की है कि सरकार बनने की सूरत में दोनों पार्टी ढाई-ढाई सरकार चलाएं।
तेलंगाना में हुजूरनगर विधानसभा उप चुनाव के शुरुआती रूझानों में सत्तारूढ़ टीआरएस विपक्षी कांग्रेस से आगे चल रही है। एनडीटीवी के मुताबिक दूसरे चरण की मतगणना पूरी होने के बाद टीआरएस उम्मीदवार शानंपुडी सैदी रेड्डी अपनी प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस की एन पद्मावती रेड्डी पर करीब 4,000 मतों से बढ़त बनाए हुए हैं।
चुनाव आयोग के आंकड़ों के मुताबिक हरियाणा में कम से कम दस सीटों ऐसी है जहां रुझान का अंतर एक हजार से भी कम सीटों का है। ऐसी अधिकतर सीटों पर भाजपा आगे हैं। प्रदेश में पांच सीटें ऐसी हैं जहां वोटों का अंतर 500 वोटों से भी कम का है।
हरियाणा के मौजूदा मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर को दिल्ली में भाजपा आलाकमान ने बुलाया है, ताकी चुनावी परिणाम पर मंथन किया जा सके। आजतक की रिपोर्ट के मुताबिक भाजपा ने विभिन्न राजनीतिक दलों को साधने के लिए रणनीति बनानी शुरू कर दी है।
जननायक जनता पार्टी (जेजेपी) प्रमुख दुष्यंत चौटाला का दावा है कि परिणाम पार्टी की उम्मीदों के अनुरूप आ रहे हैं। पार्टी काफी सीटों पर आगे है और सत्ता की चाबी जेजेपी के ही पास रहेगी।
चुनाव आयोग की वेबसाइट के मुताबिक महाराष्ट्र और हरियाणा में भाजपा क्रमश: 21 और 2 सीटों पर आगे चल रही है। एनसीपी ने 15 सीटों पर बढ़त बनाई है जबकि 13 सीटों पर शिवसेना आगे है। पांच सीटों पर कांग्रेस आगे चल रही है। चार सीटों पर निर्दलीय उम्मीदवार भी आगे चल रहे हैं। अगर बात करें हरियाणा रुझान की तो प्रदेश भाजपा 8 सीटों पर आगे है जबकि कांग्रेस 2 सीटों पर बढ़त बनाई है। जननायक जनता पार्टी के भी दो उम्मीदवार रुझान में आगे चल रहे हैं।
रह हरियाणा के भी शुरुआती रुझान आ गए हैं। यहां भाजपा 50 सीटों पर आगे चल रही है जबकि कांग्रेस 25 सीटों पर आगे हैं। जेजेपी के भी दो उम्मीदवार आगे चल रहे हैं। इसी तरह अन्य उम्मीदवार दो सीटों पर आगे हैं।
मतगणना शुरू हो चुकी है। दोनों राज्यों में कौन सा दल सरकार बनाएगा इसकी भी स्थिति थोड़ी देर में साफ हो जाएगी।
इस चुनाव में जो प्रमुख उम्मीदवार हैं, उनमें मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर (करनाल), पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस विधायक दल के नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा (गढ़ी सांपला-किलोई), रणदीप सिंह सुरजेवाला (कैथल), किरण चौधरी (तोशाम) और कुलदीप बिश्नोई (आदमपुर) तथा हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष कंवर पाल गुर्जर (जगाधरी) शामिल हैं। इसके अलावा जजपा के दुष्यंत चौटाला (उचाना कलां), इनेलो के अभय सिंह चौटाला (ऐलनाबाद), प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुभाष बराला (टोहाना), एक मात्र महिला मंत्री कविता जैन (सोनीपत), मंत्री रामबिलास शर्मा (महेंद्रगढ़), अनिल विज (अंबाला छावनी), ओ पी धनखड़ (बादली) और कैप्टन अभिमन्यु (नारनौंद) भी मैदान में हैं। भाजपा ने चुनाव में तीन खिलाड़ियों बबीता फोगाट (दादरी), योगेश्वर दत्त (सोनीपत के बड़ौदा) और संदीप सिंह (पिहोवा) को भी टिकट दिया है।
भाजपा ने तीन खिलाड़ियों को मैदान में उतारा हैं जिसमें बबीता फोगाट (दादरी), योगेश्वर दत्त (सोनीपत में बरोडा) और संदीप सिंह (पेहोवा) शामिल हैं। वहीं भाजपा ने टिक टॉक स्टार सोनाली फोगाट को (आदमपुर) से चुनाव मैदान में उतारा है।
हरियाणा में सत्ताधारी भाजपा का मुकाबला विपक्षी कांग्रेस और नयी पार्टी ‘जजपा’ के साथ है। राज्य में विधानसभा की 90 सीटें हैं। हरियाणा में 1.83 करोड़ से अधिक मतदाता हैं जिसमें 85 लाख महिलाएं और 252 ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल हैं।
महाराष्ट्र में मतगणना ड्यूटी के लिए करीब 25,000 कर्मचारियों की तैनाती की गई है। अधिकारियों ने बताया कि 288 विधानसभा क्षेत्रों के लिए राज्य के 269 स्थानों पर मतगणना होगी। हरियाणा और महाराष्ट्र विधानसभा के साथ ही देश के 18 राज्यों की 51 विधानसभा और दो लोकसभा सीटों के लिए उपचुनाव कराए गए थे।
मतदान के लिए इस्तेमाल की गई इलेक्ट्रॉनिक वोंटिंग मशीनों (ईवीएम) और वीवीपैट मशीनों को 59 विभिन्न स्थानों पर बनाए गए 90 ‘स्ट्रांगरूम’ में रखा गया है। स्ट्रांगरूम की सुरक्षा में राज्य पुलिस और अर्द्धसैनिक बलों को तैनात किया गया है। त्रि-स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की गई है।
महाराष्ट्र और हरियाणा विधानसभा चुनाव की मतगणना गुरुवार सुबह शुरू हो जाएगी। महाराष्ट्र में 288 विधानसभा सीटों के नतीजे घोषित होंगे। जबकि हरियाणा में 90 विधानसभा सीटों का रिजल्ट आएगा। विधानसभा चुनाव में महाराष्ट्र में 60.4 प्रतिशत और हरियाणा में 65.75 परसेंट वोटिंग हुई थी। साथ ही देश के 18 राज्यों की जिन 51 विधानसभा और दो लोकसभा सीटों पर उपचुनाव कराए गए थे, उनपर भी मतों की गिनती कराई जाएगी।