Lok Sabha Election 2019 से पहले मध्य प्रदेश की कमल नाथ सरकार ने बड़ा ऐलान कर दिया है। मध्य प्रदेश कांग्रेस के ट्विटर हैंडल से की गई एक पोस्ट के मुताबिक राज्य में विभिन्न विभागों में 80 हजार पदों पर भर्ती के लिए प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। ट्वीट में लिखा है, ‘मध्य प्रदेश की कमलनाथ सरकार ने प्रदेश के युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए विशेष भर्ती अभियान शुरू किया है। इसके तहत विभिन्न विभागों में 80 हजार पदों के लिए भर्ती की जा रही है।’

राहुल ने दिया था भरोसाः हाल ही में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने भोपाल में एक रैली के दौरान नई नौकरियों का आश्वासन भी दिया था। इससे पहले मुख्यमंत्री पद संभालते ही कमल नाथ ने चंद घंटों में किसानों की कर्जमाफी के ऐलान को फैसले में तब्दील कर दिया था।

Govt Jobs in Madhya Pradesh
मध्य प्रदेश सरकार ने किया 80 हजार नौकरियों का ऐलान (फोटोः @INCMP)

इसके बाद लोकसभा चुनाव से ऐन पहले नौकरियों के ऐलान को कांग्रेस का मास्टर स्ट्रोक माना जा रहा है। बेरोजगारी मध्य प्रदेश समेत पूरे देश के सबसे अहम मुद्दों में शुमार है। ऐसे में कांग्रेस को इसका फायदा मिल सकता है।

 

मध्य प्रदेश में मुश्किलें अभी भी कम नहींः मध्य प्रदेश में लोकसभा की 29 सीटें हैं। इनमें से फिलहाल सिर्फ तीन सीटें कांग्रेस के पास हैं। कांग्रेस ने हालिया विधानसभा में खासी जद्दोजहद के बाद सरकार बनाई थी। 15 साल बाद प्रदेश में हुई वापसी को कांग्रेस लोकसभा चुनाव में भी भुनाना चाहती है। राज्य विधानसभा चुनाव में कांग्रेस 114 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी बनी थी, हालांकि वह बहुमत के आंकड़े से दो कदम दूर रह गई थी। 15 सालों की एंटी इनकमबेंसी के बावजूद शिवराज सिंह ने यहां कांग्रेस को कड़ी टक्कर दी थी। ऐसे में कांग्रेस के लिए राज्य की लोकसभा सीटों पर वापसी करना इतना आसान भी नहीं होगा।