Jabalpur Lok Sabha Election 2024 Date, Candidate Name: लोकसभा चुनाव 2024 की तारीखों के ऐलान से पहले ही तमाम राजनीतिक दलों ने चुनाव की तैयारियां शुरू कर दी हैं। ऐसे ही मध्य प्रदेश की जबलपुर लोकसभा सीट एक महत्वपूर्ण सीट है। इस सीट पर पिछले 27 साल से भाजपा काबिज है। हालांकि, जबलपुर में आजादी के बाद से लगातार 14 साल तक कांग्रेस का कब्जा रहा था।
जबलपुर को भारतीय जनता पार्टी का गढ़ माना जाता है। पहले आम चुनाव के बाद से साल 1974 तक इस सीट पर कांग्रेस का दबदबा था। 1982 में पहली बार जबलपुर में भाजपा को जीत मिली लेकिन दो साल बाद 1984 में कांग्रेस ने सीट वापस ले ली। 1989 के चुनाव में फिर यह सीट भाजपा के खाते में आ गई। 1991 में कांग्रेस ने इस सीट पर पुन: कब्जा जमाया लेकिन 1996 से जबलपुर भाजपा के गढ़ में परिवर्तित हो गया।
कौन है जबलपुर का वर्तमान सांसद?
जबलपुर लोकसभा क्षेत्र से वर्तमान सांसद भाजपा के राकेश सिंह हैं. उन्होंने कांग्रेस के पंडित विवेक कृष्ण तन्खा को मात दी थी। राकेश सिंह दो दशक तक जबलपुर से सांसद रहे। विधानसभा चुनाव जीतने के बाद वह प्रदेश सरकार में लोक निर्माण विभाग के मंत्री हैं। जबलपुर संसदीय सीट से कांग्रेस नेता और राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा को भाजपा नेता सांसद राकेश सिंह ने कई बार पराजित किया। राकेश सिंह के प्रदेश सरकार में मंत्री बनने के बाद अब भाजपा संसदीय क्षेत्र के प्रतिनिधित्व के लिए नए चेहरे की तलाश में है।
लोकसभा चुनाव 2019 के परिणाम
पिछले चुनाव में राकेश सिंह को जहां 8.26 लाख वोट मिले थे वहीं, पंडित विवेक को 3.71 लाख मत मिले थे। ऐसे में भाजपा प्रत्याशी ने कांग्रेस उम्मीदवार को 4.54 लाख मतों के अंतर से हराया। पिछले चुनाव में जबलपुर में 18.19 लाख मतदातों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था। जिनमें पुरुष मतदाताओं की संख्या 9.41 लाख और महिला मतदाताओं की संख्या 8.77 लाख थी। कुल 69% वोट पड़े थे।
जबलपुर में 8 विधानसभाएं पाटन, बरगी, जबलपुर पूर्व, जबलपुर उत्तर, जबलपुर कैंट, जबलपुर पश्चिम, पनागर, सिहोरा हैं। जबलपुर की कुल जनसंख्या 25,41,797 है, जिनमें से 40 प्रतिशत लोग गांवों में और 59 प्रतिशत लोग शहरों में निवास करते हैं। साल 2014 के लोकसभा चुनाव में इस सीट पर दूसरे नंबर पर कांग्रेस और नंबर 3 पर बसपा थी। उस साल यहां कुल वोटरों की संख्या 17 लाख 11 हजार 683 थी, जिसमें से मात्र 10 लाख 2 हजार 184 लोगों ने अपने मतों का प्रयोग किया था। जबलपुर की 87 प्रतिशत आबादी हिंदू धर्म में और 8 प्रतिशत लोग इस्लाम धर्म में भरोसा रखते हैं।
