Indore Lok Sabha Election 2024 Date, Candidate Name: लोकसभा चुनाव 2024 की तारीखों के ऐलान से पहले ही देशभर में सियासी गतिविधियां शुरू हो गई हैं। तमाम राजनीतिक दलों ने अभी से चुनाव की तैयारियां शुरू कर दी हैं। ऐसे ही मध्य प्रदेश की इंदौर लोकसभा सीट एक महत्वपूर्ण सीट है। इस सीट को बीजेपी का गढ़ माना जाता है। चार दशक से कांग्रेस को इंदौर में हार का सामना करना पड़ रहा है। इस बार के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस इंदौर चुनावी सीट पर सूखा खत्म करने की कोशिश करेगी।

इंदौर लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र मध्य प्रदेश राज्य के 29 लोकसभा (संसदीय) निर्वाचन क्षेत्रों में से एक है। यह सामान्य श्रेणी की संसदीय सीट है। इंदौर लोकसभा क्षेत्र में 8 विधानसभा क्षेत्र शामिल हैं। इनमें 203 देपालपुर, 204 इंदौर-1, 205 इंदौर-2, 206 इंदौर-3, 207 इंदौर-4, 208 इंदौर-5, 210 राऊ,और 211 सांवेर (अ।जा।) सीट शामिल हैं।

कौन है इंदौर का वर्तमान सांसद?

इंदौर लोकसभा क्षेत्र से वर्तमान सांसद शंकर लालवानी हैं। 1989 से इस सीट पर बीजेपी का कब्जा है। शंकर लालवानी से पहले इस सीट पर 1989 से लगातार रिकॉर्ड 8 बार बीजेपी की सुमित्रा महाजन का कब्जा था।

लोकसभा चुनाव 2019 के परिणाम

लोकसभा चुनाव 2019 में छिंदवाड़ा लोकसभा सीट को छोड़कर भाजपा ने मध्य प्रदेश की 29 में से 28 सीटों पर जीत दर्ज की थी। इंदौर लोकसभा क्षेत्र से वर्तमान सांसद शंकर लालवानी हैं। लालवानी को 10.68 लाख (65.59%) वोट मिले थे। वहीं, दूसरे स्थान पर रहे कांग्रेस के पंकज सांघवी को 5 लाख से ज्यादा वोट मिले थे। तीसरे स्थान पर रहे बहुजन समाज पार्टी के दीपचन्द को महज 8666 वोट मिले थे।

इंदौर से कौन लड़ेगा चुनाव?

विधानसभा चुनाव में इंदौर जिले की 9 सीटें हारने वाली कांग्रेस का कोई नेता लोकसभा क्षेत्र के लिए दावेदारी नहीं कर रहा है। चुनाव की रणनीति बना रहे नेता भी पसोपेश में हैं कि किस चेहरे पर दांव लगाया जाए। कांग्रेस नेता अक्षय बम को इंदौर से लोकसभा चुनाव में उम्मीदवार बनाया जा सकता है। हालांकि, उन्होंने भी खुलकर चुनाव लड़ने की मंजूरी नहीं दी है। अक्षय बम के अलावा विशाल पटेल का नाम भी चल रहा है। कांग्रेस इस बार इंदौर लोकसभा सीट के लिए नया चेहरा तलाश रही है। फिलहाल किसी भी पार्टी ने अभी इंदौर लोकसभा सीट पर उम्मीदवार की घोषणा नहीं की है।

इंदौर में कुल कितने मतदाता?

इंदौर लोकसभा क्षेत्र की साक्षरता दर 70.47% है। 2019 के संसदीय चुनाव के अनुसार इंदौर संसदीय सीट में कुल मतदाता 23,17,191 हैं। इंदौर संसदीय सीट पर ग्रामीण मतदाताओं की संख्या लगभग 4,86,610 है, जो 2011 की जनगणना के अनुसार लगभग 21% है। इंदौर संसदीय सीट पर शहरी मतदाताओं की संख्या लगभग 1,830,581 है, जो 2011 की जनगणना के अनुसार लगभग 79% है।

इंदौर का जातीय समीकरण

वहीं, जातिगत समीकरण पर नजर डालें तो इंदौर लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र में बौद्ध 0.36%, ईसाई 0.58%, जैन 2.19%, मुस्लिम 12.67%, एससी 17%, एसटी 4.8%, और सिख 0.78% शामिल हैं। इंदौर संसदीय सीट पर एससी मतदाताओं की संख्या लगभग 3,93,922 है, जो 2011 की जनगणना के अनुसार लगभग 17% है। इंदौर संसद सीट पर एसटी मतदाता लगभग 1,11,225 हैं, जो 2011 की जनगणना के अनुसार लगभग 4.8% हैं।