कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा ने बुधवार को मध्य प्रदेश के दतिया में एक चुनावी रैली में पीएम मोदी पर जमकर कटाक्ष किए। प्रियंका गांधी ने कहा कि देश के पीएम अपने ही दर्द में हमेशा परेशान रहते हैं। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी लगातार मध्यप्रदेश के दौरे पर रही हैं और कांग्रेस के उम्मीदवारों के लिए प्रचार किया है। राज्य में 17 नवंबर को मतदान होना है और चुनाव प्रचार आज शाम से थम गया है। प्रियंका गांधी ने अपने भाषण के दौरान पीएम मोदी के साथ-साथ अभिनेता सलमान खान का भी जिक्र किया।

सलमान खान का जिक्र कर क्या बोलीं प्रियंका गांधी?

कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने कहा, “पीएम मोदी अपने साथ हुए दुर्व्यवहारों की एक लंबी सूची लेकर कर्नाटक गए थे। ऐसा लगता है जैसे वह रोते रहते हैं। क्या आपने सलमान खान की फिल्म ‘तेरे नाम’ देखी है? उस फिल्म में सलमान खान शुरू से अंत तक रोते रहते हैं। इस ही हिसाब से मैं पीएम मोदी को राय दूंगी कि वह फिल्म बनाएं और उसका नाम ‘मेरे नाम’ रखें।

उन्होंने भारतीय जनता पार्टी पर हमला करते हुए कहा कि पार्टी के सभी नेता थोड़े अजीब हैं। इससे पहले मई में कर्नाटक में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले प्रियंका गांधी ने प्रधानमंत्री पर कटाक्ष करते हुए कहा था कि वह रोते रहते हैं। प्रियंका गांधी ने कहा, “आपका दुख सुनने के बजाय, वह यहां आ रहे हैं और आपको अपनी बता रहे हैं।”

ज्योतिराज सिंधिया को कहा गद्दार

प्रियंका गांधी ने केंद्रीय मंत्री और अपनी पार्टी के पूर्व सहयोगी ज्योतिरादित्य सिंधिया पर हमला बोलते हुए उन्हें ‘गद्दार’ करार दिया। जिसका जवाब देते हुए सिंधिया ने कहा कि प्रियंका गांधी कांग्रेस पार्टी की पार्ट टाइम प्रचारक हैं। सिंधिया ने कहा,”मुझे प्रियंका गांधी पाठ पढ़ाने से पहले आईने में झांक लें। सब जानते हैं कि किस परिवार के लोग देश के लिए आगे रहे हैं और किस परिवार के लोग देश को विदेशों में जाकर बदनाम कर रहे हैं।”