s: गुजरात की 6 विधानसभा सीटों के उपचुनाव में बीजेपी को करारा झटका लगा है। कांग्रेस से बीजेपी में शामिल हुए अल्पेश ठाकोर को राधनपुर सीट पर करारी हार का सामना करना पड़ा। बता दें कि राज्य की 6 विधानसभा सीटों में से बीजेपी सिर्फ 3 ही जीत पाई। बाकी तीनों सीटें कांग्रेस के खाते में गई। इनमें थराद सीट भी शामिल है, जिस पर कांग्रेस ने 15 साल बाद कब्जा जमाया। उधर, छत्तीसगढ़ की एकमात्र विधानसभा चित्रकोट सीट पर भी कांग्रेस ने जीत हासिल की है।
इतनी सीटों पर हुआ था उपचुनाव: बिहार की 5 विधानसभा और एक लोकसभा सीट पर उपचुनाव हुआ। इनके साथ कर्नाटक की 15, यूपी की 11, मध्य प्रदेश-केरल की 5-5, गुजरात की 6, असम व पंजाब की 4-4 विधानसभा सीटों पर भी वोटिंग हुई। वहीं, मध्य प्रदेश, मेघालय, ओडिशा, पुडुचेरी, तेलंगाना, छत्तीसगढ़ की एक-एक और राजस्थान, सिक्किम, तमिलनाडु व हिमाचल की 2-2 विधानसभा सीटों पर वोट डाले गए।
गुजरात में 6 सीटों पर हुए उपचुनाव में बीजेपी को तगड़ा झटका लगा है। भगवा पार्टी 3 सीटों पर आगे चल रही है, लेकिन कांग्रेस ने अन्य 3 सीटों पर उसे पछाड़ रखा है। यहां तक कि कांग्रेस छोड़कर बीजेपी में शामिल हुए अल्पेश ठाकुर राधननगर सीट पर पीछे चल रहे हैं।
गुजरात के राधनपुर और बयाड में विधायक क्रमश: अल्पेश ठाकोर और धवल सिंह जाला के इस्तीफे के कारण उपचुनावों की आवश्यकता पड़ी। दोनों कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हो गए। सत्तारूढ़ दल ने इस उपचुनाव में इस दोनों सीटों पर इन्हीं दोनों को उतारा है। इसके अलावा, थराड़, लुनावाड़ा, खेरालु और अमराइवाड़ी में भाजपा विधायकों के लोकसभा के लिए चुने जाने के कारण उपचुनाव हुआ।
गुजरात में बनासकांठा जिले के थराड में, पाटन के राधनपुर, मेहसाना में खेरालु, अरवल्ली के बयाड में, अहमदाबाद के अमराइवाड़ी और महिसागर की लुनावाड़ा सीट पर उपचुनाव हुआ था। इस उपचुनाव को मुख्यमंत्री विजय रूपाणी के लिए प्रतिष्ठा की लड़ाई के रूप में देखा जा रहा है, क्योंकि छह में से चार सीटें सत्तारूढ़ भाजपा के पास थीं।
गुजरात में 6 विधानसभा सीटों के उपचुनाव के लिए बृहस्पतिवार सुबह मतगणना शुरू हो गई। इन सीटों पर सोमवार को मतदान हुआ था। गुजरात के मुख्य निर्वाचन अधिकारी एस मुरली कृष्णा ने बताया कि छह जिलों की विधानसभा सीटों में सुबह आठ बजे शुरू हुई। मतगणना के लिए 600 से अधिक सरकारी कर्मचारियों को तैनात किया गया है। राज्य में सोमवार को उपचुनाव में औसतन 53.67 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था।