Loksabha Elections 2019: राज्यसभा सांसद अमर सिंह ने समाजवादी पार्टी (सपा) नेता आजम खान को खुली चुनौती दी है। कहा है कि वह रामपुर में ही हैं। आजम आएं और उनका लंगोट नापें और उसे उतार कर दिखाएं। शुक्रवार (19 अप्रैल, 2019) को सिंह भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की जया प्रदा के चुनावी प्रचार के लिए यूपी के रामपुर पहुंचे। पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा, “हम क्षत्रिय हैं। सांस चलने तक लड़ते हैं। अभी हम जिंदा हैं…। जया प्रदा ही नहीं बल्कि पूरे देश की महिला जाग उठी है। बीजेपी महिलाओं और संस्कृति का सम्मान करती है।”

उन्होंने आगे कहा, “मायावती भी जानती हैं कि गेस्ट हाउस कांड में उनके साथ भी जबरदस्ती की कोशिश की गई थी। दया शंकर की टिप्पणी पर खूब उत्पात मचाया, पर आजम जैसे नीच व्यक्ति जो महिलाओं के अंतर्वस्त्र की चर्चा करते हैं, उनका प्रचार करने आएं तो चुल्लू भर पानी में डूब मरना चाहिए।”

बकौल अमर सिंह, “मैं देश की सभी महिला नेताओं से पूछना चाहता हूं कि वे शांत क्यों हैं? अगर महिला का अंतर्वस्त्र मुद्दा बनेगा, तब देश की राजनीति कहां जाएगी।”

सिंह ने आगे कहा- जो व्यक्ति विकास और क्षेत्र की बात नहीं करते हैं, तब महिलाओं के अंतर्वस्त्र की बात क्यों करते हैं। पुरुष हैं, तो लंगोट की बात करें। उन्हें मुझसे शिकायत है, तो मैं चुनौती देता हूं कि हमारी लंगोट नापें और उसे उतारें। अगर किसी महिला के बारे में ऐसे बोलेंगे, तब पूरा देश जागेगा और उन्हें इसके गंभीर परिणाम भुगतने पड़ेंगे। चुनाव आयोग ने भी इसका संज्ञान लिया है। ये उस के नेता हैं, जहां कहा जाता है…लड़के हैं, दिल मचल जाता है।

मायावती, मुलायम और अखिलेश के शुक्रवार को एक मंच पर साथ आने पर अमर सिंह ने कहा, “ये तो जैसा हमारे मोदी जी कहते हैं- महामिलावटी। ये वैसे ही है।” देखें, आगे और क्या बोले राज्यसभा सांसदः

सिंह की यह टिप्पणी सपा नेता के उस बयान पर आई है, जिसमें उन्होंने जया प्रदा को लेकर विवादित बयान दिया था। आजम ने कहा था- आपने उन्हें 10 साल तक प्रतिनिधित्व करने के लिये चुना। रामपुरवासियों, यूपी के लोगों व देशवासियों को उनकी सच्चाई समझने में 17 साल लगे। पर मैं 17 दिन में ही समझ गया कि इनके नीचे का अंडरवियर खाकी रंग का है।