Lok Sabha Election 2019: भारत में 17वीं लोकसभा के गठन के लिए आम चुनाव शुरू हो चुके हैं। सोमवार (29 अप्रैल) को चौथे चरण का मतदान होगा। सभी राजनीतिक पार्टियां और नेता चुनाव प्रचार में जुटे हैं। आरोप-प्रत्यारोप का सिलसिला जारी है। इस बीच उत्तर प्रदेश के लखनऊ से लोकतंत्र की खूबसूरती को दिखती एक तस्वीर सामने आयी है। यहां से भाजपा ने राजनाथ सिंह को अपना उम्मीदवार बनाया है। उनके बेटे भी अपने पिता के बीच जनता के बीच जाकर वोट मांग रहे हैं। इस दौरान अचानक उनका सामना अपने पिता के प्रतिद्वंदी और कांग्रेस प्रत्याशी आचार्य प्रमोद कृष्णम से हुआ। नीरज ने राजनीतिक मतभेद भुला प्रमोद कृष्णम के पैर छूए। उनसे आशीर्वाद लिया। नीरज सिंह के इस काम की आम लोग काफी तारीफ कर रहे हैं। इस दौरान आचार्य प्रमोद कृष्णम ने भी अपने जगह से खड़े हो गए और नीरज को आशीर्वाद दिया। नीरज के साथ चल रहे एक बुजुर्ग व्यक्ति को गले लगाया।

यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। सोशल मीडिया यजूर्स ने वीडियो को देखने के बाद कुछ इस तरह के कमेंट किए, “…इसे कहते हैं सच्ची राजनीति। …भाई राजनीति अपनी जगह, शिष्टाचार और भाईचारा अपनी जगह। …यह परंपरा का प्रवाह है जो कभी ना खंडित होगा, पुत्रों के बल पर ही मां का मस्तक मंडित होगा। …ऐसे लोगों को ही राजनीति में आगे बढ़ाना चाहिए। …इसे कहते हैं तहजीब, शिष्टाचार और बड़ों की इज्जत करना। …यह थोड़ा सा सीन बहुत कुछ दर्शाता है। कुछ लोगों को सीख लेना चाहिए हिंदुस्तान का कल्चर क्या है संस्कृत क्या है। …अच्छा लगता है। ऐसी राजनीति ही होनी चाहिए। हम भारतीयों की यही तो परंपरा है। …सभी यही करने लगे तब यह भारत एक दिन सबसे सुंदर कहलाएगा।”

बता दें कि राजनाथ सिंह भी शनिवार (27 अप्रैल) को अपने राजनीतिक प्रतिद्वंदी और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की तबीयत खराब होने की सूचना पर उनसे मिलने पहुंचे थे। मुलाकात के बाद राजनाथ सिंह ने ट्वीट कर लिखा था, “उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव जी से आज लखनऊ स्थित उनके आवास पर भेंट करके उनके स्वास्थ्य एवं कुशल क्षेम की जानकारी प्राप्त की। मैं उनके अच्छे स्वास्थ्य एवं दीर्घायु होने की कामना करता हूं।”