Lok Sabha Election 2019: चुनाव से एन वक्त पहले समाजवादी पार्टी के कद्दावर नेता विजेंद्र भाटी ने मंगलवार (9 अप्रैल) भाजपा प्रत्याशी महेश शर्मा को समर्थन देकर अपेन समर्थकों से भाजपा नेता के पक्ष में मतदान करने तथा उनका प्रचार करने की अपील की। ग्रेटर नोएडा के तिलपता गांव में गुर्जर बिरादरी द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम में विजेंद्र भाटी ने मंच पर मौजूद भाजपा प्रत्याशी महेश शर्मा को खुला समर्थन देते हुए अपने समर्थकों से खुलकर अपील की कि वे भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में प्रचार करें तथा उन्हें वोट दें।
भाटी सपा के विधान पार्षद नरेंद्र भाटी के छोटे भाई हैं, तथा वह पूर्व में जिला पंचायत अध्यक्ष, समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष तथा जेवर विधानसभा से सपा के टिकट पर विधानसभा का चुनाव भी लड़ चुके हैं। जनपद गौतम बुध नगर बुलंदशहर में नरेंद्र भाटी व विजेंद्र भाटी की गुर्जर बिरादरी में खासी पकड़ है। विजेंद्र के बड़े भाई नरेंद्र भाटी सिकंदराबाद से विधायक भी रह चुके हैं, तथा समाजवादी पार्टी के शासनकाल में उन्हें उत्तर प्रदेश सरकार में मानद मंत्री भी बनाया गया था।
बता दें कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश के आठ लोकसभा निर्वाचन क्षेत्रों के लिए चुनाव प्रचार मंगलवार शाम थम गया। भाजपा पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 2014 का प्रदर्शन दोहराने की कोशिश में है लेकिन अबकी बार उसकी टक्कर सपा-बसपा-रालोद गठबंधन से है। बात 2014 के लोकसभा चुनाव की करें तो भाजपा ने सभी आठों सीटों यानी सहारनपुर, कैराना, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, मेरठ, बागपत, गाजियाबाद और गौतमबुद्ध नगर पर विजय हासिल की थी। पहले चरण के तहत इन सीटों के लिए 11 अप्रैल को मतदान होना है।
मुजफ्फरनगर में रालोद प्रमुख अजित सिंह का भाजपा के संजीव बालियान से मुकाबला है। बालियान यहां 2014 का चुनाव जीते थे। अजित सिंह के पुत्र जयंत बागपत से केन्द्रीय मंत्री सत्यपाल सिंह के खिलाफ चुनाव मैदान में हैं। पहले ही चरण में दो अन्य केन्द्रीय मंत्री वी के सिंह गाजियाबाद से और महेश शर्मा गौतम बुद्ध नगर से भाजपा उम्मीदवार हैं।
मंगलवार को प्रचार के अंतिम दिन कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने सहारनपुर में रोडशो किया। भाजपा और विपक्ष दोनों ने ही अपने उत्तर प्रदेश चुनाव प्रचार अभियान की शुरूआत सहारनपुर से की थी। विपक्षी गठबंधन ने अपनी पहली रैली सहारनपुर के देवबंद में की थी। मायावती ने इस रैली में मुसलमानों से विवादास्पद अपील की थी कि वे कांग्रेस का समर्थन कर अपने वोट को बंटने ना दें। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी राज्य में भाजपा के चुनाव प्रचार अभियान की शुरूआत सहारनपुर से ही की थी। सहारनपुर में 2013 के सांप्रदायिक दंगों की छाया 2014 के लोकसभा चुनावों पर पडी थी।

