Lok Sabha Election 2019: लोकसभा चुनाव के छठे चरण में देश भर में 59 सीटों पर मतदान हुआ। इस चरण में उत्तर प्रदेश की 14, हरियाणा की दस, बिहार, मध्य प्रदेश और पश्चिम बंगाल की आठ-आठ सीटों पर लोगों ने अपने मताधिकार के प्रयोग किए। इसके अलावा राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली की सभी सात सीटों और झारखंड की चार सीटों के लिए भी मतदान हुआ। देश की आम जनता से लेकर राजनीतिक हस्तियों तक ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। कांग्रेस महासचिव और उत्तर प्रदेश पूर्व की प्रभारी प्रियंका गांधी ने अपने पति के रॉबर्ट वाड्रा के साथ दिल्ली में वोट किया। हालांकि, पहली बार वोट देने के योग्य हुए उनके बेटे रेहान अपने मताधिकार का प्रयोग नहीं कर सके।

परिवार के एक सदस्य द्वारा वोट नहीं दिए जाने के सवाल पर प्रियंका गांधी ने कहा, “उनके बेटे रेहान (19 वर्ष) वोट नहीं दे सके क्योंकि वे परीक्षा के सिलसिले लंदन गए हुए हैं।” रेहान और उनकी बहन मारिया लोकसभा चुनाव के दौरान प्रचार अभियान के वक्त अपनी मां के साथ दिखे थे। अपने मामा राहुल गांधी के द्वारा यूपी के अमेठी क्षेत्र से नामांकन के समय भी रोड शो के दौरान रेहान मौजूद थे।

छठे चरण के चुनाव के दौरान राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी, संप्रग अध्यक्ष सोनिया गांधी और विदेश मंत्री सुषमा स्वराज, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया, केन्द्रीय मंत्री और चांदनी चौक लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार हर्षवर्धन, पूर्व क्रिकेटर एवं भाजपा के पूर्वी दिल्ली सीट से उम्मीदवार गौतम गंभीर, नई दिल्ली और उत्तरपूर्वी दिल्ली सीट से कांग्रेस उम्मीदवार अजय माकन, दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित सहित अन्य नेताओं ने भी अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

वहीं, छठे चरण के मतदान के दिन प्रियंका गांधी ने कहा कि यह ‘‘पूरी तरह स्पष्ट’’ है कि लोकसभा चुनावों में भाजपा हार रही है क्योंकि लोग ‘‘दुखी और निराश’’ हैं और मतदान के मार्फत वे अपनी भावनाएं जाहिर करेंगे। वोट डालने के बाद संवाददाताओं से बात करते हुए पार्टी की वरिष्ठ नेता ने कहा कि ‘‘यह पूरी तरह स्पष्ट है कि भाजपा की सरकार जा रही है। लोगों में गुस्सा है और वे निराश हैं। मोदी जी वास्तविक मुद्दों पर बात करने के बजाय इधर-उधर की बातें कर रहे हैं। और अब लोग मतदान के मार्फत अपना गुस्सा जाहिर करेंगे।’’

प्रियंका ने फिर से प्रधानमंत्री मोदी पर प्रहार करते हुए कहा, ‘‘हमारी पार्टी ने जो मुद्दे उठाए उनके जवाब उन्होंने नहीं दिए और सिर्फ इधर-उधर की बातें करते हैं।’’ उन्होंने कहा कि कांग्रेस वास्तविक मुद्दों पर चुनाव प्रचार कर रही है और प्रधानमंत्री ने ‘‘हमारे पार्टी अध्यक्ष (राहुल गांधी) द्वारा वास्तविक मुद्दों पर बहस करने की चुनौती का जवाब भी नहीं दिया।’’ (भाषा इनपुट के साथ)

Read here the latest Lok Sabha Election 2019 News, Live coverage and full election schedule for India General Election 2019