Loksabha Election 2019: लोकसभा चुनाव अपने अंतिम चरण पर पहुंच चुका है। 19 मई को सातवें चरण के लिए मतदान किया जाएगा। सभी दल एक-दूसरे पर जमकर जुबानी हमले कर रहे हैं। प्रचार के दौरान कई बार नेताओं को अजीब स्थितियों का सामना करना पड़ जाता है। ऐसी ही एक अजीब स्थिति का सामना इंदौर में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी को भी करना पड़ा।

इंदौर में कुछ लोगों ने मोदी-मोदी के नारे लगाए तो प्रियंका ने कार से उतरकर नारे लगाने वालों से हाथ मिलाया। इसके साथ ही उन्होंने उनसे ‘ऑल द बेस्ट’ भी कहा।

इस पूरे घटनाक्रम का एक वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में देखा जा सकता है कि जब कांग्रेस महासचिव का काफिला चल रहा था तो उसी दौरान सड़क किनारे खड़े कुछ लोग मोदी-मोदी के नारे लगा रहे थे जिसके बाद प्रियंका गाड़ी रुकवाती हैं और उन लोगों के पास पहुंचती हैं। इसके बाद वह उनसे ऑल द बेस्ट कहती हैं। इतना कहते ही वह फिर से अपनी कार में बैठ जाती हैं।

मध्य प्रदेश कांग्रेस ने इसका वीडियो शेयर करते हुए कहा ‘इसे देश की मिट्टी, देश की जनता और देश के कण-कण से प्यार करना कहते हैं। काश…मोदी भी देश को समझ पाते।

बता दें कि प्रियंका गांधी पार्टी के लिए जमकर चुनाव प्रचार कर रही हैं। सोमवार (13 मई 2019) को मध्य प्रदेश के कई शहरों में रैलियां की। उन्होंने रतलाम में जनसभा को भी संबोधित किया। मध्य प्रदेश में आखिरी चरण में 8 सीटों पर मतदान किया जाना है। उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, हरियाणा जैस राज्यों में प्रियंका ने रोड शो भी किए। इस दौरान उन्होंने नुक्कड़ सभाएं भी की।

Read here the latest Lok Sabha Election 2019 News, Live coverage and full election schedule for India General Election 2019