Lok Sabha Election 2019: आम आदमी पार्टी के संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल सोमवार को पंजाब के संगरुर में अपने पार्टी उम्मीदवार भगवंत मान के पक्ष में प्रचार करने पहुंचे थे। यहां उन्हें काफी ज्यादा विरोध का सामना करना पड़ा। अक्रोशित लोगों ने उन्हें काले झंडे दिखाए। प्रदर्शनकारियों ने उनके खिलाफ ड्रग्स को लेकर राज्य का ‘अपमान’ करने का आरोप लगाते हुए नारे लगाए। उन्हें वापस जाने को कहा।
एक प्रदर्शनकारी ने कहा, “पिछले लोकसभा चुनाव के दौरान अरविंद केजरीवाल ने कहा था पंजाब ‘ड्रग हैवेन’ है और यहां के युवा ‘ड्रग एडिक्टेड’ है। इसके बाद उन्होंने ड्रग का व्यापार करने के आरोप लगाने के एवज में पूर्व मंत्री बिक्रम सिंह मजीठिया से बिना शर्त माफी मांगी थी। मजीठिया से माफी मांगने की बजाय उन्हें पंजाब के लोगों से लगातार झूठ बोलने के लिए उनसे माफी मांगनी चाहिए थी।” बता दें कि आप संयोजक शुक्रवार तक पंजाब में चुनाव प्रचार करेंगे। राज्य की सभी सीटों के लिए सातवें और अंतिम चरण में 19 मई को मतदान होना है।
गौरतलब है कि आम आदमी पार्टी ने पिछली बार वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव में राज्य की 4 सीटों पर जीत दर्ज की थी। दिल्ली के बाहर पंजाब पहला राज्य बना, जहां आप को इतनी बड़ी सफलता मिली। इस वजह से पार्टी की नजर इस बार भी पंजाब पर है। भगवंत मान पंजाब में आम आदमी पार्टी के सबसे बड़े चेहरे हैं। ऐसे में पार्टी उनकी जीत के लिए हर संभव कोशिश कर रही है। पिछली बार भगवंत मान ने अकाली दल के सुखदेव सिंह ढींढसा को 2 लाख से ज्याद मतों से पराजित किया था। वहीं, कांग्रेस यहां तीसरे स्थान पर रही थी।

