Lok Sabha Election 2019: भारतीय जनता पार्टी ने लोकसभा चुनाव 2019 को लेकर टैग लाइन और नया थीम सांग जारी किया है। भाजपा ने इस बार नारा दिया, “फिर एक बार मोदी सरकार।” पार्टी का टैग लाइन और थीम सांग लॉन्च करने के मौके पर केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली, पीयूष गोयल सहित कई अन्य नेता मौजूद रहे। अरुण जेटली ने प्रेस कांफ्रेंस कर कहा, “भाजपा की पहली थीम होगी ‘काम करने वाली सरकार’, दूसरी ‘ईमानदार सरकार’ और तीसरी ‘बड़े फैसले लेने वाली सरकार’। ‘अबकी बार फिर मोदी सरकार’ हमारी टैग लाइन होगी। राष्ट्रीय सुरक्षा, महिला सशक्तिकरण, प्रधानमंत्री किसान योजना, काले धन के खिलाफ लड़ाई और सामाजिक योजनाओं पर ध्यान केंद्रित करेंगे। हमारी सरकार काम करती है। हमने पांच साल में एक बार भी टैक्स नहीं बढ़ाया। हमारी सरकार ने मध्यम वर्ग को काफी राहत दी है। हमारी सरकार का विश्वास काम करने में है।”
अरुण जेटली ने कांग्रेस के घोषणापत्र पर हमला करते हुए कहा, “वे (कांग्रेस) नहीं चाहते कि केंद्र में मजबूत सरकार बने। कांग्रेस ने 72 सालों में कुछ नहीं किया। हमने पांच साल में काफी काम कर दिखाया है। कांग्रेस के घोषणापत्र को देखकर हैरानी होती है कि इसमें मध्यम वर्ग के लोगों के लिए कुछ नहीं है। देश की जनता को तय करना है कि उन्हें मजबूत सरकार चाहिए या मजबूर सरकार।”
चलो फिर एक बार हम मोदी सरकार बनाते हैं,
चलो मिलकर साथ आगे देश को बढ़ाते हैं। #PhirEkBaarModiSarkar #IsBaarPhirModi pic.twitter.com/6I5vi6B71Y
— BJP (@BJP4India) April 7, 2019
थीम सांग के बोल कुछ इस प्रकार है, “पांच साल पहले, देश ने देखा था एक सपना। सबके साथ भी होता हो, विकास सबका अपना। चाचा-भतीजा कोई नहीं, बस काबिलियत से देश चले। फेक-वेक, फर्जी नहीं, बस सच्चाई से देश बढ़े। धीरे-धीरे काम न हो, जो हो तेज फटाफट हो। कालेधन से जंग छिड़े, गरीब का बेड़ा पार हो। वही वक्त था जब हमने सूरज नया उगाया था। देश के कोने-कोने में हमने कमल खिलाया था। चलो फिर एक बार हम, मोदी सरकार बनाते हैं। चलो मिलकर साथ, आगे देश को बढ़ाते हैं। चलो फिर एक बार हम मोदी सरकार बनाते हैं, चलो मिलकर साथ, आगे देश को बढ़ाते हैं। भर ले जोश जवान मेरे, कर ले लोड विमान तेरे, मार गिरा दुश्मन को, जीत के घर आ शेर मेरे। कुचल दे आतंक को तूं, लहरा दे तिरंगा तूं, साथ में पूरा देश खड़ा है, बोल दे जाके हल्ला तूं। चलो फिर एक बार हम मोदी सरकार बनाते हैं, चलो मिलकर साथ, आगे देश को बढ़ाते हैं। सपना ऐसे भारत का, आज हुआ साकार है। ऊंच-नीच छूटी पीछे, ये मोदी सरकार है। सुरक्षा है, सम्मान है, ये सबका अधिकार है। सपनों का नया भारत देखो, ले रहा आकार है…।”

