देश में लोकसभा चुनाव होने वाले हैं और सभी दल इसकी तैयारी में जुट गए हैं। आने वाले लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के प्रदर्शन पर सबकी नजर होंगी। 2019 के लोकसभा चुनाव में देश के 8 राज्य ऐसे थे, जहां पर कांग्रेस को एक भी सीट नहीं मिली थी। इन राज्यों में राजस्थान, आंध्र प्रदेश, जम्मू कश्मीर, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, दिल्ली, उत्तराखंड और गुजरात शामिल है।

राजस्थान की सभी सीटें हार गई थी कांग्रेस

एक समय था जब कांग्रेस की इन राज्यों में सरकार हुआ करती थी। 2019 में राजस्थान की सभी 25 सीटें कांग्रेस पार्टी हार गई थी। वहीं दिल्ली में भी कांग्रेस को एक भी सीट नहीं मिली थी और पार्टी काफी बुरे दौर से गुजरी थी। लोकसभा चुनाव के लिए विपक्ष ने इंडिया गठबंधन का निर्माण किया है और 20 से अधिक विपक्षी दल इसमें शामिल हैं। इस गठबंधन में कांग्रेस भी शामिल है।

कांग्रेस के लिए समस्या यह है कि जिन राज्यों में पिछले लोकसभा चुनाव में उसे एक भी सीट नहीं मिली थी, उसके लिए आने वाले लोकसभा चुनाव में भी स्थिति ठीक नहीं है। राजस्थान में हाल ही में विधानसभा चुनाव हुए हैं। कांग्रेस की बुरी तरह हार हुई है। लोकसभा चुनाव में भी उसे बीजेपी से अकेले मुकाबला करना है। आंध्र प्रदेश में भी कांग्रेस का किसी से गठबंधन नहीं है। हालांकि कांग्रेस ने जगन मोहन रेड्डी की बहन वाईएस शर्मिला रेड्डी को पार्टी में शामिल कराया और उन्हें प्रदेश अध्यक्ष बनाया है।

जम्मू-कश्मीर में फंसा पेंच

जम्मू कश्मीर में कांग्रेस का नेशनल कांफ्रेंस के साथ गठबंधन है लेकिन अभी तक सीटों का बंटवारा नहीं हो पाया है। वहीं नेशनल कांफ्रेंस के प्रमुख फारूक अब्दुल्ला ने कह दिया है कि लोकसभा चुनाव में गठबंधन नहीं होगा। हरियाणा में कांग्रेस ने आम आदमी पार्टी के साथ गठबंधन किया है। हरियाणा में कांग्रेस 9 सीटों पर चुनाव लड़ेगी जबकि एक सीट पर आम आदमी पार्टी लड़ेगी। हिमाचल प्रदेश की सभी चार सीटों पर कांग्रेस अकेले लड़ेगी।

दिल्ली में गठबंधन

दिल्ली की सभी 7 लोकसभा सीटों पर कांग्रेस ने आम आदमी पार्टी के साथ गठबंधन किया है। इसके तहत कांग्रेस तीन और आम आदमी पार्टी सात लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी। उत्तराखंड की सभी पांच लोकसभा सीटों पर कांग्रेस अकेले लड़ेगी। गुजरात की 26 सीटों पर कांग्रेस ने आम आदमी पार्टी के साथ गठबंधन किया है। कांग्रेस गुजरात की 24 लोकसभा सीटों पर लड़ेगी तो आम आदमी पार्टी दो लोकसभा सीट पर लड़ेगी।

2019 के लोकसभा चुनाव में कई राज्य ऐसे थे, जहां पर कांग्रेस का केवल खाता ही खुला था। उत्तर प्रदेश में कांग्रेस अमेठी लोकसभा सीट हार गई जहां का प्रतिनिधित्व राहुल गांधी करते थे। राहुल गांधी को स्मृति ईरानी ने अमेठी से हरा दिया। कांग्रेस को उत्तर प्रदेश में केवल एक लोकसभा मिली थी और वह भी रायबरेली थी।

लोकसभा चुनाव 2019 में कांग्रेस को बंगाल में दो, एमपी में एक, कर्नाटक में एक, केरल में 15, असम में तीन, ओडिशा में एक, छत्तीसगढ़ में दो, तेलंगाना में तीन, पंजाब में आठ, झारखंड में एक, महाराष्ट्र में एक, तमिलनाडु में 8 और बिहार में एक सीट मिली थी।