झारखंड में लोकसभा चुनाव के लिए बीजेपी ने आजसू से गठबंधन किया है। बीजेपी नेता अरुण सिंह ने इसकी जानकारी X के जरिए दी। उन्होंने बताया कि झारखंड में बीजेपी 13 लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी जबकि आजसू एक लोकसभा सीट पर अपना प्रत्याशी उतारेगी।
अरुण सिंह ने X पर पोस्ट कर कहा, “भारतीय जनता पार्टी ने झारखंड की जनता के हित में भाजपा एवं आजसू के पुराने एवं नैसर्गिक गठबंधन के तहत इस बार लोकसभा के चुनाव में झारखंड के 13 लोकसभा संसदीय क्षेत्र पर भाजपा के प्रत्याशी तथा एक संसदीय क्षेत्र गिरिडीह में आजसू पार्टी को लड़वाने का निर्णय किया है।”
उन्होंने इसी पोस्ट में आगे कहा कि यह गठबंधन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संकल्प विकसित भारत, आत्मनिर्भर भारत, स्वावलंबी भारत, समर्थ भारत के संकल्प को मजबूत करेगा। झारखंड के सभी 14 में से 14 संसदीय क्षेत्रों पर गठबंधन के उम्मीदवार चुनाव जीतकर 4 जून को 400 के पार लक्ष्य को हासिल करेंगे।
2019 में बीजेपी को मिली थीं 11 सीटें
साल 2019 के लोकसभा चुनावों में बीजेपी ने झारखंड में 11 सीटें हासिल की थीं जबकि आजसू पार्टी, कांग्रेस और झामुमो ने राज्य में एक-एक सीट जीती थीं। झारखंड में लोकसभा की 14 सीटों के लिए मतदान 13 मई से चार चरणों में होगा। राज्य में 2.54 करोड़ से अधिक मतदाता हैं, जिनमें 1.29 करोड़ पुरुष, 1.24 करोड़ महिलाएं और 413 ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल हैं।
